Bihar railway incident: कटिहार में बड़ा रेल हादसा टला, 25 हजार वोल्ट तार पर गिरा पेड़, चिंगारी से उठा धुआं, यात्रियों में मची भगदड़

Bihar railway incident: प्लेटफार्म के पास अचानक एक बड़ा पेड़ टूटकर सीधे 25 हजार वोल्ट की हाई वोल्टेज ओवरहेड विद्युत तार पर गिर पड़ा।...

Major rail accident averted in Katihar panic among passenger
बड़ा रेल हादसा टला- फोटो : reporter

Bihar railway incident: कटिहार रेल मंडल के कुमेदपुर–बारसोई रेलखंड पर उस वक्त बड़ा हादसा टल गया जब तेज आंधी-बारिश ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था की परीक्षा ले ली। बीती देर रात आजमनगर रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 के पास अचानक एक बड़ा पेड़ टूटकर सीधे 25 हजार वोल्ट की हाई वोल्टेज ओवरहेड विद्युत तार पर गिर पड़ा।

पेड़ के तार से टकराते ही जोरदार चिंगारी निकली और देखते ही देखते वहां धुआं और आग जैसी स्थिति बन गई। इस दृश्य ने स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। यात्री अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और पूरे प्लेटफार्म पर दहशत फैल गई।

इसी बीच ट्रेन संख्या 55708 राधिकापुर पैसेंजर, जो कटिहार से राधिकापुर की ओर जा रही थी, उसे एहतियातन आजमनगर स्टेशन पर ही रोक दिया गया। ट्रेन करीब एक घंटे तक प्लेटफार्म पर खड़ी रही, जबकि यात्रियों को सुरक्षा कारणों से अंदर ही रोके रखा गया।

सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। तत्काल विद्युत आपूर्ति को बंद किया गया ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। इसके बाद राहत और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। रेलवे अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को हटाने और क्षतिग्रस्त तार की मरम्मत का काम पूरा किया। इसके बाद ही रेल परिचालन को धीरे-धीरे सामान्य किया गया।

गनीमत यह रही कि इस पूरी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कुछ देर के लिए पूरी रेल व्यवस्था और यात्रियों की सांसें थमी रहीं। रेलवे ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचाव के उपाय और मजबूत किए जा सकें।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह