Bihar Crime: मुंबई से आई महिला बनी चेन स्नेचरों का शिकार, दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने उड़ाया दो लाख का हार

Bihar Crime: बिहार में बाइक सवार चेन स्नेचरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।...

Mumbai Woman Targeted by Chain Snatchers 2 Lakh Necklace Sto
मुंबई से आई महिला बनी चेन स्नेचरों का शिकार- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में बाइक सवार चेन स्नेचरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र के कुलीपाड़ा मोड़ का है, जहां मुंबई से अपनी बहन के घर घूमने आई महिला को अपराधियों ने निशाना बना लिया। बदमाशों ने चलती ई-रिक्शा में बैठे महिला के गले से करीब दो लाख रुपये की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पीड़िता सदमे में आ गई। महिला ने बताया कि वह मुम्बई से अपनी बहन के घर आई थी। बुधवार को वह अपनी बहन के साथ एक रिश्तेदार के यहां से लौट रही थी। दोनों ई-रिक्शा से ड्राइवर टोला मोहल्ला जा रही थीं, तभी कुलीपाड़ा मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधी पहले से पीछा कर रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा सुनसान मोड़ के पास पहुंचा, बाइक पर सवार बदमाश तेजी से आए और महिला के गले से चेन झपटकर फरार हो गए। पूरी वारदात कुछ ही सेकेंड में हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान हो सके।स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर थाना क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में लाल कोठी मोहल्ले में भी इसी तरह की वारदात हुई थी, लेकिन अब तक पुलिस किसी बड़े गिरोह तक नहीं पहुंच सकी है।

लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। खासकर महिलाएं और बुजुर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी, लेकिन बढ़ती वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह