शराब के चक्कर में हत्थे चढ़ा नोएडा का भगोड़ा: 5 लीटर शराब ने खोला महक हत्याकांड का राज
कटिहार जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल कटिहार पुलिस ने रमन राज नामक एक युवक को शराब के साथ गिरफ्तार किया था, असल में वह नोएडा में हुए महक हत्याकांड का मुख्य आरोपी निकला है......
Katihar : नोएडा के चर्चित 'महक अहमद' हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 8 अगस्त को नोएडा के बरौला स्थित रेंटल पैनोरमा बिल्डिंग में असम की रहने वाली युवती महक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। जांच के दौरान इस हत्याकांड के तार बिहार के कटिहार से जुड़ गए। कटिहार डीएसपी के अनुसार, मुख्य आरोपी की तलाश में नोएडा पुलिस बिहार के कटिहार पहुंची, जहां इस मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं।
बीटेक पास आरोपी रमन राज की महक से थी दोस्ती
मामले की जांच में सामने आया है कि हत्या का मुख्य आरोपी रमन राज मूल रूप से कटिहार नगर थाना क्षेत्र के नया टोला का निवासी है। पेशेवर रूप से बीटेक की डिग्री हासिल कर चुका रमन उसी बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर पर किराए पर रहता था, जहां महक अपनी सहेली के साथ रहती थी। दोनों के बीच पहले से दोस्ती की बात सामने आई है। 8 अगस्त की रात महक का शव रमन के ही कमरे से बरामद किया गया था, जिसके बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
बिहार पुलिस ने शराब के साथ किया गिरफ्तार, नोएडा पुलिस पहुंची रिमांड पर लेने
आरोपी नोएडा पुलिस से बचने के लिए अपने गृह जिले कटिहार भाग आया था, लेकिन किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया। कटिहार पुलिस ने रमन को लगभग 5 लीटर अवैध शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जब नोएडा पुलिस को रमन की कटिहार जेल में बंद होने की सूचना मिली, तो एक टीम तुरंत कटिहार पहुंची। फिलहाल कटिहार पुलिस के सहयोग से नोएडा पुलिस आरोपी रमन राज को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।
नोएडा पुलिस के लिए 'वरदान' साबित हुई बिहार की शराबबंदी
स्थानीय लोगों और पुलिस महकमे के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। बिहार में लागू सख्त शराबबंदी कानून नोएडा पुलिस के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हुआ। अगर आरोपी शराब के साथ कटिहार पुलिस के हत्थे न चढ़ता, तो शायद नोएडा पुलिस को उसे ढूंढने में लंबा वक्त लग सकता था। शराबबंदी के कारण हुई इस अचानक गिरफ्तारी ने एक हाई-प्रोफाइल मर्डर केस को सुलझाने की राह बेहद आसान कर दी।
कटिहार डीएसपी ने दिए हर संभव सहयोग के संकेत
कटिहार के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) ने पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि नोएडा पुलिस के साथ हर स्तर पर समन्वय बनाया जा रहा है। कटिहार पुलिस आरोपी को रिमांड पर सौंपने और जांच को आगे बढ़ाने के लिए कानूनी प्रक्रिया में पूरा सहयोग दे रही है। रमन राज से कड़ाई से पूछताछ के बाद ही महक अहमद की हत्या के पीछे की असली वजह और पूरी वारदात से पर्दा उठ सकेगा।
श्याम की रिपोर्ट