Bihar politics: निशांत कुमार के बचाव में उतरे पप्पू यादव, आरोपों पर दिया करारा जवाब, कहा- बदनाम करना बंद करें...

Bihar politics: पप्पू यादव ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के समर्थन में खुलकर बयान दिया है।....

Pappu Yadav Defends Nishant Kumar Amid Fresh Row Bihar
निशांत कुमार के बचाव में उतरे पप्पू यादव- फोटो : reporter

Bihar politics: पप्पू यादव ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के समर्थन में खुलकर बयान दिया है। कटिहार होकर दिल्ली यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि निशांत कुमार पर नशा करने जैसे आरोप लगाना पूरी तरह गलत और गैर-ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस आधार के किसी व्यक्ति की छवि खराब करना ठीक नहीं है।

पप्पू यादव ने कहा कि निशांत कुमार एक सज्जन और शालीन इंसान हैं और उन्हें अपनी क्षमता साबित करने के लिए कम से कम छह महीने तक काम करने का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति की निजी परिस्थितियों को समझे बिना उस पर राजनीतिक हमला करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

सांसद ने भावुक अंदाज में कहा कि संभव है अपनी माता जी के निधन के बाद निशांत कुमार मानसिक तनाव या डिप्रेशन से गुजरे हों। उन्होंने यह भी संभावना जताई कि शायद वे आध्यात्मिक जीवन की ओर चले गए हों। लेकिन इन परिस्थितियों को लेकर उन पर तंज कसना या उन्हें राजनीतिक निशाना बनाना इंसानियत के खिलाफ है।

कटिहार में दिए गए इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है। विपक्ष जहां पहले से स्वास्थ्य मंत्री को लेकर सवाल उठा रहा था, वहीं अब पप्पू यादव के समर्थन ने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है।

पप्पू यादव ने नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी की व्यक्तिगत जिंदगी और मानसिक स्थिति को मुद्दा बनाकर हमला करना गलत परंपरा को बढ़ावा देता है। उन्होंने साफ कहा कि अगर निशांत कुमार को सही तरीके से काम करने का अवसर दिया जाए तो वे अपनी योग्यता और कार्यशैली से लोगों का भरोसा जीत सकते हैं। बिहार की राजनीति में यह बयान आने वाले दिनों में नई सियासी हलचल पैदा कर सकता है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह