Bihar News:कटिहार में 102 एम्बुलेंस सेवा ठप, कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से मरीज बेहाल

Bihar News: 102 एम्बुलेंस चालक और ईएमटी कर्मचारी अपनी 8 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इस वजह से जिले भर में एम्बुलेंस सेवा पूरी तरह ठप हो गई है..

strike of 102 ambulance workers
102 एम्बुलेंस सेवा ठप- फोटो : reporter

Bihar News:कटिहार में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। 102 एम्बुलेंस चालक और ईएमटी कर्मचारी अपनी 8 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इस वजह से जिले भर में एम्बुलेंस सेवा पूरी तरह ठप हो गई है और मरीजों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दरअसल, बिहार राज्य 102 एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के राज्यव्यापी आह्वान पर यह हड़ताल शुरू हुई। कर्मचारियों का आरोप है कि नई एजेंसी जैन प्लस के आने के बाद उनकी ज़िंदगी संकट में पड़ गई है। पहले से कम वेतन पर काम करने को मजबूर किया जा रहा है। उन्हें महज़ 10–11 हज़ार रुपए तनख्वाह दी जा रही है, जबकि इतनी रकम में घर चलाना तो दूर, दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल है।

हड़ताल पर गए कर्मचारियों की मुख्य मांगें:श्रम संसाधन विभाग द्वारा तय न्यूनतम मजदूरी 21 हज़ार रुपए प्रतिमाह मिले।सभी कर्मियों को बिना शर्त नियुक्ति पत्र दिया जाए।ड्यूटी के दौरान हादसा होने पर दुर्घटना बीमा उपलब्ध हो।मौत की स्थिति में कम से कम 20 लाख रुपए का मुआवज़ा दिया जाए।

कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक मांगे पूरी नहीं होतीं, तब तक एम्बुलेंस सेवा बहाल नहीं होगी।

इस हड़ताल का सबसे बड़ा असर मरीजों और आपातकालीन सेवाओं पर पड़ रहा है। कई जगहों पर इमरजेंसी कॉल आने के बावजूद एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो पा रही। ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी अस्पतालों तक मरीजों को अपने स्तर पर निजी वाहनों से अस्पताल ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार को जल्द से जल्द इस विवाद का समाधान करना चाहिए, वरना स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और भयावह हो जाएगी।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह