Bihar News : कटिहार में वायरल वीडियो ने खोला हत्या का राज, पुलिस ने दफनाए गए शव को कब्र से निकाला बाहर, पत्नी-बच्चों समेत 5 पर दर्ज हुई FIR

Bihar News : कटिहार के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत के बाद सनसनी फैल गई। जिसके बाद जांच के लिए कब्रिस्तान में दफन शव को कब्र खोदकर बाहर निकाला गया।

Bihar News : कटिहार में वायरल वीडियो ने खोला हत्या का राज, प
कब्र खोदकर बाहर निकाला गया शव - फोटो : SHYAM

KATIHAR : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खोरवा गांव में संदिग्ध परिस्थिति में दफनाए गए मोहम्मद कमरुल के शव को घटना के कई दिनों बाद मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में कब्र खोदकर बाहर निकाला गया। फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 5 सितंबर की रात हुई इस मौत को पहले ससुराल पक्ष द्वारा अत्यधिक शराब पीने के कारण हुई सामान्य मृत्यु बताकर पंचायत के जरिए दफना दिया गया था।

मामले में नया मोड़ तब आया जब सोशल मीडिया पर एक दर्दनाक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इस वीडियो में 5-6 लोग एक व्यक्ति के गले में रस्सी डालकर उसे खींचते और बेरहमी से पीटते नजर आ रहे थे। पुलिस द्वारा संज्ञान लेकर की गई गहन जांच में पिट रहे व्यक्ति की पहचान मोहम्मद कमरुल के रूप में हुई। वीडियो सामने आने के बाद हत्या की प्रबल आशंका को देखते हुए प्रशासनिक अनुमति के साथ शव को उत्खनन कर निकाला गया, जो बारिश के कारण डिकंपोज होने से बच गया था।

कटिहार के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई है। जांच में स्पष्ट हुआ कि 5 सितंबर को कमरुल की संभवतः पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी और मामले को दबाने के लिए स्थानीय स्तर पर पंचायत कर शव को दफना दिया गया था। पुलिस ने वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान कर ली है, जिनमें मृतक की पत्नी, एक बेटा, एक बेटी और दो भतीजे शामिल हैं।

चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना की जानकारी होने और पुलिस द्वारा वीडियो दिखाए जाने के बावजूद मृतक के माता-पिता तथा भाई ने कोई भी लिखित शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद मुफस्सिल थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वयं के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की है। नामजद बनाए गए सभी परिजनों व रिश्तेदारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि मृतक कमरुल का भी पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है और वह शराब का आदी था। आशंका जताई जा रही है कि उसकी इन्हीं हरकतों और आपराधिक गतिविधियों से तंग आकर परिजनों ने ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद घटना के सभी तकनीकी व कानूनी पहलुओं का पूर्ण खुलासा हो सकेगा।

श्याम की रिपोर्ट