Bihar Police Example Of Humanity: चलती ट्रेन और मौत के बीच सेकंड्स का खेल, RPF जवान बना फरिश्ता, CCTV में कैद हुआ साहस

Bihar Police Example Of Humanity: स्टेशन पर मानवता और बहादुरी की एक ऐसी मिसाल सामने आई है जिसने हर किसी का दिल जीत लिया।...

Katihar RPF Constable Saves Woman From Moving Train Heroic A
मौत के मुहाने से सेकंडों में बची जान- फोटो : reporter

Bihar Police Example Of Humanity:कटिहार रेलवे स्टेशन पर मानवता और बहादुरी की एक ऐसी मिसाल सामने आई है जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में एक बुजुर्ग महिला अचानक फिसलकर हादसे का शिकार होने के करीब पहुंच गई। लेकिन उसी पल ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल अमित ने अपनी सूझबूझ और फुर्ती से महिला की जान बचा ली।

यह पूरी घटना प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 04:45 बजे की है, जब ट्रेन नंबर 15701 सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची थी। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला यात्री गलती से चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश करने लगी।

जैसे ही महिला ने कदम रखा, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच खतरनाक स्थिति में फंस गई। एक पल की भी देरी उसकी जान के लिए भारी पड़ सकती थी। लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ कांस्टेबल अमित ने बिना समय गंवाए दौड़ लगाई और महिला को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

उनकी यह त्वरित कार्रवाई किसी बड़े हादसे को टालने में सफल रही और महिला की जान बच गई। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने राहत की सांस ली और जवान की जमकर सराहना की।

पूछताछ में महिला ने बताया कि वह गलती से गलत ट्रेन में चढ़ गई थी और उसे मालदा जाने वाली पैसेंजर ट्रेन पकड़नी थी, इसी जल्दबाजी में वह उतरने की कोशिश कर बैठी।

आरपीएफ जवान अमित की इस बहादुरी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि रेलवे सुरक्षा बल सिर्फ ड्यूटी नहीं निभाता, बल्कि हर पल यात्रियों की जिंदगी की रक्षा के लिए तत्पर रहता है। सीसीटीवी में कैद यह घटना अब रियल लाइफ हीरो की मिसाल बन चुकी है, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही 

है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह