Bihar News : कटिहार समाहरणालय में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पथराव व उपद्रव, 14 को पुलिस ने किया गिरफ्तार, डीएम-एसपी के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च

Bihar News : बिहार के कटिहार समहारणालय मे हिंसक प्रदर्शन करने एवं उपद्रव मचाने के आरोप में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वहीँ डीएम एसपी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : कटिहार समाहरणालय में छात्रों के प्रदर्शन के दौर
कटिहार में फ्लैग मार्च - फोटो : SHYAM

KATIHAR : बिहार के कटिहार जिले में गुरुवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब बिना किसी पूर्व अनुमति के छात्रों ने नगर भवन से समाहरणालय तक विरोध प्रदर्शन निकाला। समाहरणालय पहुँचते ही प्रदर्शन में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक उग्र होकर कलेक्ट्रेट का गेट तोड़ने की कोशिश की और सुरक्षाकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। इस अचानक हुए उपद्रव में ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेट और कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

घटना की जानकारी देते हुए कटिहार के एसपी परिचय कुमार ने बताया कि प्रदर्शन के नाम पर उपद्रवियों द्वारा पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों पर पत्थर फेंके गए थे। पुलिस ने तय मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए पहले उपद्रवियों को लाउडस्पीकर से चेतावनी दी और उसके बाद ही बल प्रयोग कर मात्र 15 से 20 मिनट के भीतर पूरे परिसर और आसपास के इलाके को नियंत्रित कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 14 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और एसपी ने संयुक्त रूप से बताया कि घटना के समय समाहरणालय में तैनात मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों ने अत्यधिक धैर्य, संवेदनशीलता और पेशेवर रवैये का परिचय दिया। बिना किसी अतिरिक्त या अनावश्यक बल का प्रयोग किए स्थिति पर जल्द ही काबू पा लिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सीसीटीवी, ड्रोन फुटेज तथा वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर अब तक 25 से अधिक हुड़दंगियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

घटना के बाद शहर में विधि-व्यवस्था का जायजा लेने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और एसपी परिचय कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। अधिकारियों ने फ्लैग मार्च के जरिए संदेश दिया कि कानून का पालन करने वाले आम जनमानस को घबराने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है, जबकि अराजकता फैलाने और कानून को हाथ में लेने वाले असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों में कानून का सख्त खौफ पैदा किया जाएगा।

प्रशासन ने कटिहारवासियों और विशेष रूप से युवा छात्रों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति बनाए रखने की भावुक अपील की है। जिलाधिकारी ने कहा कि अपनी बात रखने के लिए पर्याप्त संवैधानिक और विधिसम्मत मंच उपलब्ध हैं, जहाँ ज्ञापन सौंपा जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्र या युवा ऐसी गैर-कानूनी गतिविधियों या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने के मामलों में संलिप्त पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी, जिससे भविष्य में उनकी सरकारी नौकरियों व करियर पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

श्याम की रिपोर्ट