Bihar News : शादी के 6 महीने बाद उजड़ा दुल्हन का सुहाग, दवा लेने निकले पति को हाईवा ने कुचला, मौके पर हुई मौत
KHAGARIA : जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार हरदयाल नगर बन्नी निवासी अमरेश कुमार (लगभग 30 वर्ष), पिता शिव नारायण सिंह, दवाइयां लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान NH-31 पर हीरो शोरूम के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमरेश कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही महेशखूंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है और हाइवा चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों के अनुसार अमरेश कुमार कुछ जरूरी दवाइयां लेने गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया। उनकी शादी महज छह महीने पहले ही हुई थी। घटना की खबर मिलते ही पत्नी गुड़िया कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक दो भाइयों में सबसे छोटा था। अचानक हुई इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने तथा NH-31 पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण की मांग की।
अमित की रिपोर्ट