Bihar News : खगड़िया में महिला ने पति पर मासूम बच्ची को बेचने का लगाया आरोप, कहा विरोध करने पर कमरे में किया बंद

Bihar News : एक मां ने अपने ही पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर अपनी महज दो महीने की मासूम दूधमुंही बच्ची को पैसों के लालच में बेच देने का संगीन आरोप लगाया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : खगड़िया में महिला ने पति पर मासूम बच्ची को बेचन
बच्ची को बेचने का आरोप - फोटो : AMIT

KHAGARIA : जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दो माह की मासूम बच्ची को बेच देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने परबत्ता थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पीड़िता रेखा देवी, उम्र करीब 40 वर्ष, ग्राम कवेला वार्ड संख्या 09 थाना परबत्ता जिला खगड़िया की रहने वाली हैं। महिला ने अपने आवेदन में बताया है कि उसकी शादी लगभग 22 वर्ष पूर्व राजू गुप्ता से हुई थी। शादी के बाद उसे छह पुत्री और एक पुत्र की प्राप्ति हुई। महिला का आरोप है कि परिवार में लगातार उसे प्रताड़ित किया जाता रहा और इसी बीच उसके पति ने दो माह की बेटी कुमारी बेबी को 16 मई 2026 को बेच दिया।

महिला ने आवेदन में पति राजू गुप्ता, ससुर धनेश्वर गुप्ता, देवर, देवरानी सहित परिवार के कई सदस्यों को नामजद करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि जब उसने बच्ची को बेचने का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर में बंद कर प्रताड़ित किया गया। महिला के अनुसार करीब चार दिनों तक उसे बाहर निकलने नहीं दिया गया और लगातार धमकाया जाता रहा।

पीड़िता ने बताया कि किसी तरह उसने अपने मायके वालों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद 25 मई 2026 को सुबह करीब आठ बजे उसके मायके पक्ष के लोग उसे लेने पहुंचे। आरोप है कि उस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की। महिला ने कहा कि ससुराल पक्ष के लोग काफी दबंग हैं और उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।

आवेदन में महिला ने यह भी आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उसके साथ कोई बड़ी घटना हो सकती है। उसने पुलिस प्रशासन से बच्ची की बरामदगी, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले को लेकर परबत्ता थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोग मासूम बच्ची की सुरक्षा और पूरे मामले की सच्चाई सामने आने की मांग कर रहे हैं।

अमित की रिपोर्ट