Bihar Crime : खगड़िया पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का किया उद्भेदन, अर्द्धनिर्मित हथियार और हथियार बनाने के उपकरण किया बरामद

Bihar Crime : खगड़िया पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का किया उद्भे

KHAGARIA : जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महेशखूंट थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने थाना क्षेत्र अंतर्गत सिस्जुआ दियरा इलाके में छापेमारी कर एक मिनी गन फैक्ट्री का सफल उद्भेदन किया है। हालांकि कार्रवाई के दौरान अभियुक्त फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक, खगड़िया के दिशा-निर्देश पर जिले में अवैध आग्नेयास्त्र के निर्माण एवं तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महेशखूंट थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सिस्जुआ दियरा क्षेत्र में अवैध रूप से हथियार बनाए जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की, जहां से अवैध हथियार निर्माण में प्रयुक्त भारी मात्रा में सामग्री बरामद की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अर्धनिर्मित बैरल, देशी कट्टा की बॉडी, फायरिंग पिन, ट्रिगर, क्लिप, ड्रिल मशीन, लेथ मशीन, रेलवे पटरी के टुकड़े सहित हथियार बनाने के कई औजार और पुर्जे बरामद किए। इसके अलावा 0.315 बोर की मिस फायर गोली भी जब्त की गई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यहां सक्रिय रूप से हथियार तैयार किए जा रहे थे।

इस संबंध में महेशखूंट थाना कांड संख्या 23/26 दिनांक 09.02.2026 दर्ज कर शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। इस छापेमारी दल में गोगरी अंचल के पु०नि० सह अंचल निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में महेशखूंट थाना के थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, गोगरी थाना के पु०नि० परशुराम सिंह, पु०अ०नि० दिनेश कुमार तथा महेशखूंट थाना के परि०पु०आ०नि० उमेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे अवैध हथियार निर्माण नेटवर्क पर करारा प्रहार हुआ। 

पुलिस कप्तान खगड़िया ने कहा कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी साक्षी कुमारी के नेतृत्व में गोगरी एवं महेशखुंट थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस कर्मी की टीम बनाकर सेजुवा दियारा में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। जहां मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन हुआ। जिसमें हथियार बनाने वाली 32 सामानों को  बरामद किया गया है। हालांकि अपराधी मौके से पुलिस के आने से पहले फरार हो गए थे। लेकिन उनकी पहचान कर ली गई है उन्हें पकड़ने के लिए लगातार पुलिस छापेमारी कर रही है

अमित की रिपोर्ट