खगड़िया में बड़ा खुलासा: 'हरिओम क्लिनिक' में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, भारी मात्रा में कोडीन सिरप बरामद
बिहार के खगड़िया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। महेशखूंट-सहरसा मुख्य मार्ग पर स्थित एक निजी क्लिनिक में चल रहे देह व्यापार के काले खेल को पुलिस ने बेनकाब कर दिया है।
बिहार के खगड़िया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। महेशखूंट-सहरसा मुख्य मार्ग पर स्थित एक निजी क्लिनिक में चल रहे देह व्यापार के काले खेल को पुलिस ने बेनकाब कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।महेशखूंट चौक के पास चंद्रशेखर चौरसिया के मकान में किराए पर चल रहे 'हरिओम क्लिनिक' की आड़ में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही थीं। स्थानीय लोगों की शिकायतों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जब योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी, तो वहां चल रहे अनैतिक व्यापार का सच सामने आया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
SDPO के नेतृत्व में बड़ी गिरफ्तारी
गोगरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) साक्षी कुमारी के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने क्लिनिक पर औचक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की हैं। पुलिस ने वहां मौजूद कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि क्लिनिक संचालक डॉ. अभिमन्यु और उनकी पत्नी मिलकर इस पूरे सिंडिकेट को चला रहे थे।
डॉक्टर के आवास से प्रतिबंधित कोडीन सिरप बरामद
पुलिस की कार्रवाई केवल क्लिनिक तक ही सीमित नहीं रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के निजी आवास पर भी छापेमारी की, जहाँ से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन सिरप बरामद किया गया है। नशीले सिरप की बरामदगी से अब यह मामला नशा तस्करी और ड्रग्स रैकेट से भी जुड़ता नजर आ रहा है। पुलिस अब इस गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी है।
क्लिनिक को सील करने की प्रक्रिया शुरू, प्रशासन सख्त
खगड़िया पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 'हरिओम क्लिनिक' को सील करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। SDPO साक्षी कुमारी ने मीडिया को बताया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य सफेदपोश चेहरों को बेनकाब किया जा सके।
खगड़िया से अमित की रिपोर्ट