Bihar News : खगड़िया में रसोई गैस का गहराया संकट, एजेंसियों से खाली हाथ लौट रहे उपभोक्ता, रमजान में बढ़ी मुश्किलें

Bihar News : खगड़िया में रसोई गैस का गहराया संकट, एजेंसियों स

KHAGARIA : जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेने के लिए पहुंच रहे उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। खासकर रमजान के महीने में गैस की कमी से लोगों की दिक्कत और बढ़ गई है। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि जितनी आवश्यकता है, उसके मुकाबले काफी कम मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है। इसी कारण उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

उपभोक्ता मो. तौसीफ ने बताया कि वह दो दिनों से गैस लेने के लिए एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार गैस खत्म होने की बात कहकर लौटा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि गैस नहीं मिलने से खाना बनाना मुश्किल हो गया है।

वहीं रुखसार खातून ने कहा कि रमजान का महीना चल रहा है और ऐसे समय में गैस नहीं मिलना बड़ी समस्या बन गई है। रोजा के दौरान सहरी और इफ्तार के लिए खाना बनाना भी कठिन हो रहा है।

रंजन कुमार ने बताया कि जब वह गैस एजेंसी पहुंचे तो वहां बताया गया कि गैस सिलेंडर ही उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

अमित की रिपोर्ट