Bihar Road Accident: : NH-31 पर मौत का कहर,अनियंत्रित ट्रक ऑटो पर पलटा, CISF जवान समेत तीन की दर्दनाक मौत, उजड़ गया ड्यूटी से लौटता परिवार
Bihar Road Accident: दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ....
Bihar Road Accident: दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। खगड़िया जिले के महेशखुंट थाना क्षेत्र के NH-31 पर गुरुवार तड़के एक तेज रफ्तार और गिट्टी से लदा अनियंत्रित ट्रक अचानक संतुलन खो बैठा और सामने से आ रहे एक ऑटो पर पलट गया। पलभर में खुशियों का सफर मातम में बदल गया।
हादसे के बाद ऑटो ट्रक के नीचे पूरी तरह दब गया और चीख-पुकार के बीच मौके पर ही तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि स्थानीय लोग भी सन्न रह गए और तत्काल राहत-बचाव कार्य में जुट गए। मृतकों की पहचान गोगरी थाना क्षेत्र के मलिया गांव निवासी विपिन चौरसिया, उनकी पत्नी दीपमाला चौरसिया और ऑटो चालक टंकेश मुनी के रूप में हुई है। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मृतकों में एक CISF जवान भी शामिल थे, जो छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, जवान अपनी पत्नी के साथ सुबह करीब 5 बजे स्टेशन के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही यह भीषण हादसा हो गया। ड्यूटी पर लौटता परिवार पलभर में काल के गाल में समा गया। घटना के बाद NH-31 पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर ट्रक के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला।
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी कारणों की पड़ताल की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से NH-31 पर भारी वाहनों की रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि इस तरह के मौत के मंजर दोबारा न दोहराए जाएं।
रिपोर्ट- अमित कुमार