Bihar News : खगड़िया गौशाला मेले में एनडीए विधायकों को नहीं बुलाने पर भड़के सांसद राजेश वर्मा, अफसरशाही पर कसा तंज

Bihar News : खगड़िया गौशाला मेले में जिले के चारों एनडीए विधायकों को आमंत्रित नहीं किए जाने पर सांसद राजेश वर्मा ने कड़ी नाराजगी जताई है।

Bihar News : खगड़िया गौशाला मेले में एनडीए विधायकों को नहीं
भड़के सांसद - फोटो : AMIT

KHAGARIA : खगड़िया में गौशाला मेले के आयोजन को लेकर अब राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में घमासान मच गया है। मेले के आयोजन में जिले के चारों एनडीए विधायकों को आमंत्रित नहीं किए जाने और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को उचित मान-सम्मान न मिलने पर खगड़िया से सांसद राजेश वर्मा ने कड़ी नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक तीखी पोस्ट साझा करते हुए सांसद ने तंज कसा और लिखा, "वाह रे अफसरशाही, तेरा भी क्या कहना!"

सांसद राजेश वर्मा ने प्रशासनिक व्यवस्था पर कड़े सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब गौशाला समिति के पदेन अध्यक्ष स्वयं सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) हैं, तो मेले के उद्घाटनकर्ता, मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि भी प्रशासनिक पदाधिकारी ही कैसे बन गए? उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि क्या अब जनता द्वारा चुनकर आए जनप्रतिनिधियों की भूमिका केवल दर्शक दीर्घा में बैठकर तालियां बजाने तक ही सीमित रह गई है?

सांसद ने स्पष्ट किया कि यह विवाद केवल मेले के उद्घाटन या किसी एक कार्यक्रम का नहीं है, बल्कि यह सीधे तौर पर चुने हुए जनप्रतिनिधियों के सम्मान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं से जुड़ा हुआ मामला है। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी सार्वजनिक आयोजन में प्रशासनिक प्रोटोकॉल और जनता के प्रतिनिधियों के मान-सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। व्यंग्यात्मक अंदाज में उन्होंने अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि अफसरशाही का यह बोलबाला यूं ही बना रहे।

सांसद राजेश वर्मा की इस मुखर प्रतिक्रिया के बाद से जिले में जनप्रतिनिधियों के सम्मान, प्रशासनिक प्रोटोकॉल और सरकारी-गैरसरकारी आयोजनों में निर्वाचित प्रतिनिधियों की भागीदारी को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

अमित की रिपोर्ट