Bihar News : खगड़िया में हथियार के बल पर शिक्षक से लूट का पुलिस ने किया खुलासा, 4 बदमाशों को किया गिरफ्तार

Bihar News : खगड़िया में हथियार के बल पर शिक्षक से लूट का पुल

KHAGARIA : जिले के गोगरी थाना क्षेत्र में सरकारी स्कूल के शिक्षक से हथियार के बल पर हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार करते हुए लूटी गई अपाची मोटरसाइकिल, एक अन्य बाइक, देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।

घटना 17 जनवरी 2026 की है। बोरना बांध के पास स्कूल जा रहे सरकारी शिक्षक शिवम कुमार को तीन अज्ञात अपराधियों ने हथियार दिखाकर उनकी ब्लू रंग की अपाची मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया था। पीड़ित शिक्षक के बयान पर गोगरी थाना कांड संख्या 21/26 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार के निर्देश पर गोगरी एसडीपीओ साक्षी कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर गोगरी एवं महेशखूंट थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, लूटी गई अपाची बाइक तथा घटना में प्रयुक्त TVS रेडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी अन्य आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से उनके मंसूबों पर पानी फिर गया।

पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त सत्यम सिंह हत्या, आर्म्स एक्ट, अपहरण समेत कई संगीन मामलों में पहले भी आरोपी रह चुका है और उसका आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं, इस लूट कांड में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश अब भी जारी है। इस कार्रवाई में गोगरी एसडीपीओ साक्षी कुमारी, गोगरी थाना प्रभारी परशुराम सिंह, महेशखूंट थाना के पुलिस पदाधिकारी, DIU टीम एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

अमित की रिपोर्ट