Bihar News : खगड़िया में मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने किया खुलासा, 7 हथियार तस्करों को किया गिरफ्तार, भारी मात्रा में निर्मित और अर्द्ध निर्मित हथियार किया बरामद
KHAGARIA : जिले में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मोरकाही थाना क्षेत्र के कोदरा गांव में संचालित एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में कुल 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार के निर्देशन में मोरकाही थाना पुलिस, DIU (जिला खुफिया इकाई) खगड़िया एवं STF (SOG-03) पटना की संयुक्त टीम द्वारा की गई। गुप्त सूचना के आधार पर नितीश कुमार के ठिकाने पर छापेमारी की गई, जहां एक संगठित गिरोह द्वारा अवैध हथियार निर्माण का काम संचालित किया जा रहा था।
हथियार बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद किए। बरामद सामानों में 5 पिस्टल (मैगजीन सहित), 8 जिंदा कारतूस, 3 अर्द्धनिर्मित पिस्टल, 6 अतिरिक्त मैगजीन, 4 मोबाइल फोन एवं 2 बाइक शामिल हैं। इसके अलावा हथियार निर्माण में प्रयुक्त होने वाले उपकरण जैसे हैण्ड ड्रिल मशीन, लोहे की छेनी, हथौड़ी, रेती, आरी ब्लेड, स्क्रू आदि भी जब्त किए गए हैं, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि यहां बड़े स्तर पर अवैध हथियार बनाए जा रहे थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में मुंगेर जिले के मिर्जापुर बरदह निवासी मो. औरंगजेब उर्फ अंगूर (34), मो. सज्जाद (40), मो. शमशाद (36), मो. बाबर (34), मो. शमीम (36), खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र के मुश्कीपुर निवासी मो. मनोवर आलम उर्फ मोनू (30) तथा अलौली थाना क्षेत्र के संतोष वार्ड नंबर 10 निवासी नितीश कुमार (19) शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है और ये लोग पहले भी कई मामलों में संलिप्त रहे हैं। विशेष रूप से मो. औरंगजेब उर्फ अंगूर के खिलाफ मुंगेर, बक्सर सहित विभिन्न जिलों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक धाराएं शामिल हैं। अन्य अभियुक्तों का भी आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
मामला दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
इस मामले में मोरकाही थाना कांड संख्या 77/26, दिनांक 05.05.2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं—25(1-B)a, 25(1), 26(i)(ii), 35 सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस इस गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तैयार किए गए हथियारों की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
इस सफल ऑपरेशन में मोरकाही थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ठाकुर, अमौसी थाना अध्यक्ष मनीष कुमार, पुलिस पदाधिकारी इरफान खान, DIU टीम खगड़िया, STF (SOG-03) पटना एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। खगड़िया के पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “किसी भी सूरत में ऐसे अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।”
अमित की रिपोर्ट