Bihar News : शोक में डूबा खगड़िया, असम बॉर्डर पर तैनात SSB जवान का हार्ट अटैक से हुआ निधन, गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
Bihar News : असम-भूटान सीमा पर 61वीं बटालियन के एसएसबी जवान की हार्ट अटैक से मौत हो गयी. जवान का शव गाँव पहुँचते ही कोहराम मच गया.......पढ़िए आगे
KHAGARIA : जिले के मध्य बोरने पंचायत के वार्ड नंबर 12 पूर्वी हरिजन टोला निवासी एसएसबी जवान हरिओम कुमार का गुरुवार 19 तारीख को हार्ट अटैक से आकस्मिक निधन हो गया। वे असम-भूटान सीमा पर 61वीं बटालियन एसएसबी में भैरव कुंडा पोस्ट पर तैनात थे। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिओम कुमार पिता योगेन्द्र सिंह वर्ष मई 2011 में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में नियुक्त हुए थे। वे वर्तमान में असम और भूटान बॉर्डर पर 61वीं बटालियन के जवान के रूप में अपनी सेवा दे रहे थे। बताया जाता है कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद वे इलाज के लिए आसपास के अस्पताल जा रहे थे। इसी क्रम में उन्हें हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद विभागीय प्रक्रिया पूरी कर उनके पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से उनके पैतृक घर लाया गया। जैसे ही उनका शव गांव पहुंचा, परिजनों के बीच कोहराम मच गया। माता सुनीता देवी और अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मालूम हो कि हरिओम कुमार की शादी वर्ष 2013 में पसराहा गांव निवासी मनोज सिंह की पुत्री जुगनी भारती से हुई थी। उनके परिवार में 11 वर्षीया पुत्री रौनक और 6 वर्षीय पुत्र हर्ष राज हैं। जवान की असामयिक मृत्यु से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि हरिओम कुमार मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ जवान थे। उनके निधन से पूरे गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
अमित की रिपोर्ट