Bihar News : खगड़िया मंडल कारा में 24 घंटे के भीतर दो बंदियों की हुई संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप, प्रशासन से की जांच की मांग

Bihar News : खगड़िया मंडल कारा में महज़ 24 घंटे के भीतर दो बंदियों की मौत से जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.......पढ़िए आगे

Bihar News : खगड़िया मंडल कारा में 24 घंटे के भीतर दो बंदियो
दो बंदियों की मौत - फोटो : AMIT

KHAGARIA : खगड़िया मंडल कारा में महज़ 24 घंटे के भीतर दो बंदियों की मौत से जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामले में परबत्ता प्रखंड के मड़ैया गांव निवासी बंदी चंदन मल्लिक की रविवार देर शाम सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में गहरा आक्रोश है और उन्होंने जेल प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

जानकारी के अनुसार, चंदन मल्लिक को करीब दो सप्ताह पूर्व एक आपराधिक मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में खगड़िया मंडल कारा भेजा गया था। रविवार की शाम अचानक जेल के भीतर उनकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल लाया गया। हालांकि, अस्पताल लाते ही चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया, जिससे जेल के भीतर मिलने वाली त्वरित चिकित्सा सुविधा पर भी सवाल उठ रहे हैं।

गौरतलब है कि यह इस जेल में मौत का पहला मामला नहीं है; इससे ठीक पहले रविवार को ही मानसी थाना क्षेत्र के एक अन्य बंदी की भी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। लगातार 24 घंटे के भीतर दो-दो बंदियों की जान जाने से जेल प्रशासन के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। इस दोहरी मौत की घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है और जेल के अंदरूनी हालातों को लेकर चर्चाओं का बाजार बेहद गर्म है।

मृतक चंदन मल्लिक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि जेल के भीतर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी, जिसके कारण उनकी स्थिति बिगड़ी और अंततः जान चली गई। परिजनों ने पूरे मामले की न्यायिक या किसी उच्च स्तरीय टीम से निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस संवेदनशील मामले पर अब तक जेल प्रशासन की ओर से कोई भी आधिकारिक बयान या सफाई सामने नहीं आई है।

इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बहिष्कृत हितकारी संगठन के अध्यक्ष संजीव डोम ने कहा कि महज एक सप्ताह पहले जेल गए कैदी की मौत होना बेहद संदेहास्पद है। उन्होंने खगड़िया एसपी से जेल की गतिविधियों की गहन समीक्षा करने की मांग की है। संजीव डोम ने स्पष्ट किया कि उनका संगठन मृतक के सभी पहलुओं की जांच करवाएगा और जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाएगा। फिलहाल, स्थानीय लोगों और परिजनों की निगाहें अब प्रशासनिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।

अमित की रिपोर्ट