Bihar News: बिहार के 'कमीशनखोर' BDO, प्रखंड प्रमुख को धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
Bihar News:
Bihar News: बिहार के खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड स्थित आईटी भवन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ‘पेमेंट’ को लेकर प्रखंड प्रमुख और बीडीओ के बीच तीखी नोकझोंक दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और प्रशासनिक महकमे में भी हलचल बढ़ गई है।
बीडीओ का वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार पंडित कथित तौर पर प्रखंड प्रमुख से सख्त लहजे में कहते सुनाई दे रहे हैं कि “पेमेंट नहीं करेंगे, जाइए जिसको कहना है कह दीजिए।” इस बयान के बाद मामले ने राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। हालांकि News4Nation इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
18 प्रतिशत कमीशन की मांग
प्रखंड प्रमुख रीता देवी ने आरोप लगाया कि पंचायत समिति की योजनाओं के तहत कोलवारा और नवटोलिया में पोखर निर्माण तथा भोरकाठ में पेवर ब्लॉक का काम महीनों पहले पूरा हो चुका है, लेकिन वेंडरों और मजदूरों का भुगतान अब तक नहीं किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भुगतान के बदले 18 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही है और विरोध करने पर उन्हें धमकाया जाता है।
बीडिओ ने आरोपों का किया खारिज
हालांकि बीडीओ संतोष कुमार पंडित ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि संबंधित योजनाओं की जांच पूरी होने के बाद ही भुगतान किया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रखंड प्रमुख की ओर से भुगतान के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय राजनीति गरमा गई है और लोगों के बीच यह चर्चा तेज है कि आखिर सच्चाई क्या है क्या भुगतान में गड़बड़ी है या जांच की प्रक्रिया के कारण राशि रोकी गई है। अब पूरे मामले में उच्चाधिकारियों की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे आरोप-प्रत्यारोप की सच्चाई सामने आ सके।
खगड़िया से अमित की रिपोर्ट