Bihar News : खगड़िया में महिला की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत, पिता ने पति पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Bihar News : खगड़िया में महिला की संदिग्ध परिस्थिति में हुई म

KHAGARIA : जिले के अलौली थाना क्षेत्र अंतर्गत चातर बांध वार्ड संख्या–7 में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान रेणु देवी (उम्र लगभग 37 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के मायके और ससुराल पक्ष में कोहराम मच गया है। मृतका के पिता ने रेणु देवी के पति पिंकू सदा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। 

परिजनों का आरोप है कि मौत स्वाभाविक नहीं है और इसके पीछे ससुराल पक्ष की भूमिका संदिग्ध है। बताया गया है कि पति पिंकू सदा टोला सेवक के पद पर कार्यरत है और अलौली थाना क्षेत्र के चातर बांध वार्ड संख्या–7 का निवासी है। मृतका का मायका ग्राम इमादपुर, पंचायत मौजी हरि सिंह, वार्ड संख्या–15, थाना बखरी, जिला बेगूसराय में है। रेणु देवी अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई है। बड़ी बेटी अंजली कुमारी दानापुर में रहकर पढ़ाई कर रही है, दूसरी बेटी संजली कुमारी मुंगेर में रहकर शिक्षा ग्रहण कर रही है। वहीं बेटा आशीष कुमार अलौली में पढ़ाई करता है और सबसे छोटा बेटा अभिषेक कुमार है।

घटना की सूचना मिलते ही अलौली थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मृतका के पिता रामरतन सदा ने बताया कि सुबह के तीन बजे मुझे मेरी बेटी के गोतनी ने फोन कर सूचना दी कि मेरी बेटी अब इस दुनिया में नहीं रही। उन्होंने बताया कि मेरा दामाद मेरी बेटी के साथ बराबर मारपीट करता था उसका अवैध संबंध एक विधवा महिला के साथ है जिसको लेकर मेरी बेटी की मेरे दामाद ने हत्या कर दी।उसके चार बच्चे हैं।गले पर फंदा का निशान है।

अमित की रिपोर्ट