थाने पहुंचा पासवान परिवार का संपत्ति विवाद, पशुपति पारस की पत्नी के खिलाफ चिराग की मां ने किया केस
स्व. रामविलास पासवान के परिवार में छिड़ा संपत्ति विवाद अब थाने पहुंच गया है। चिराग पासवान की बड़ी मां ने अपने देवरानियों पशुपति पारस और स्व. रामचंद्र पासवान की पत्नियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

Khagaria - स्व. रामविलास पासवान के परिवार में छिड़ा संपत्ति विवाद अब थाने पहुंच गया है। जिस तरह स्व. राम विलास पासवान की पहली पत्नी व चिराग पासवान की बड़ी मां राजकुमार देवी ने अपने देवर पशुपति पारस और स्व. रामचंद्र पासवान के परिवार पर घर से बेघर करने का आरोप लगाया। अब उस मामले को लेकर राजकुमारी देवी ने थाने का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने दोनों देवरानियों पारस और स्व. रामचंद्र पासवान की पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इसकी जानकारी अलौली थाना अध्यक्ष समरेंद्र कुमार ने दी है।
इससे पहले उन्होंने अलौली थाना में आवेदन देकर पशुपति कुमार पारस की पत्नी शोभा देवी, स्वर्गीय रामचंद्र पासवान की पत्नी सुनैना देवी, इन लोगों के एक बॉडीगार्ड अमित पासवान और दो ड्राइवरों को आरोपित किया था। साथ ही चिराग पासवान से परिवार में संपत्ति का बंटवारा करने की मांग की थी, ताकि इस विवाद का अंत हो सके।
रालोजपा ने किया बचाव, चिराग पर लगाया आरोप
इधर राष्ट्रीय लोजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल ने कहा है कि चिराग पासवान पशुपति कुमार पारस की लोकप्रियता से घबरा गए हैं और बड़ी मां राजकुमारी देवी का सहारा ले रहे हैं। आज दोपहर इसको लेकर राष्ट्रीय लोजपा की ओर से खगड़िया में प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया जाएगा।
बेडरूम और बाथरूम में ताला किया लॉक
गौरतलब है कि राज कुमारी देवी ने अपनी देवरानी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 30 मार्च की दोपहर तीन बजे के करीब दोनों देवरानी उनके कमरे में आई और उनके जरूरत के समान, कपड़े, बिछावन, जेवरात बाहर निकाल कर फेंक दिए। बेडरूम और बाथरूम में ताला मारने का भी आरोप लगाया है। बाद में शोभा देवी ने वहां पहुंचकर एक को छोड़कर बाकी कमरों का ताला खोल दिया था। मकान रामविलास पासवान के पिता जामुन दास के नाम पर होने की बात कही जा रही है।