भाजपा ने नीतीश कुमार को जबरन हटाया : किशनगंज सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद का कटिहार में बड़ा हमला

किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने कटिहार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा है। राज्यसभा चुनाव और राज्य की वर्तमान राजनीति को लेकर उन्होंने भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए।

भाजपा ने नीतीश कुमार को जबरन हटाया : किशनगंज सांसद डॉ. मोहम्

Kishanganj : किशनगंज के कांग्रेस सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने बिहार की राजनीति में आए हालिया बदलावों को लेकर भाजपा पर तीखा प्रहार किया है। कटिहार प्रवास के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जबरन मुख्यधारा की राजनीति से हटाकर राज्यसभा भेजने का खेल खेला है, जिसकी भविष्यवाणी कांग्रेस पहले ही कर चुकी थी।

मल्लिकार्जुन खड़गे की भविष्यवाणी हुई सच

सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह स्पष्ट कर दिया था कि भाजपा नीतीश कुमार को किनारे लगा देगी। उन्होंने कहा कि आज जो कुछ भी हो रहा है, वह खड़गे जी की उसी भविष्यवाणी का हिस्सा है जो अब सच साबित हो रही है।=

सीमांचल और बिहार की राजनीति पर पड़ेगा गहरा असर

बिहार और विशेषकर सीमांचल की राजनीति पर चर्चा करते हुए सांसद ने कहा कि लोग वर्तमान सरकार और भाजपा की नीतियों से पूरी तरह परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में जनता के बीच इस राजनीतिक उठापटक का कड़ा असर देखने को मिलेगा और लोग इसका जवाब देंगे।

चुनाव से पहले वोटरों को गुमराह करने का आरोप

सांसद ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा और पीएम मोदी देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि टीवी मीडिया के जरिए गलत सूचनाएं परोसी जा रही हैं ताकि जनता की असली समस्याओं से ध्यान भटकाया जा सके।

सीमांचल को बदनाम करने की साजिश

डॉ. जावेद ने कहा कि सीमांचल को घुसपैठियों के नाम पर बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने पीएम और गृह मंत्री के पुराने बयानों का हवाला देते हुए पूछा कि आखिर कितने घुसपैठिये मिले? उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की रिपोर्ट में बिहार में एक भी घुसपैठिया नहीं मिला है, जो साबित करता है कि यह सब केवल चुनावी राजनीति के लिए किया जा रहा है।

संगठन सृजन कार्यक्रम में हुए शामिल

आपको बता दें कि सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद कटिहार में कांग्रेस के 'संगठन सृजन कार्यक्रम' में भाग लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कटिहार कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील यादव के आवास पर पत्रकारों को संबोधित किया और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

Report - shayam