Bihar EOU Raid: मधुबनी में बिजली कंपनी के इंजीनियर पर छापा, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

Bihar EOU Raid: NBPDCL के इंजीनियर मनोज रजक पर EOU की छापेमारी मारी गई है। इस दौरान 3 करोड़ से ज्यादा संपत्ति और कई जमीन के कागजात मिले है।

Bihar EOU Raid
मधुबनी में EOU का रेड!- फोटो : social media

Bihar EOU Raid:  उत्तर बिहार विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के जयनगर (मधुबनी) में तैनात एग्जीक्यूटिव इंजीनियर मनोज कुमार रजकपर Economic Offences Unit (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक साथ 7 जगहों पर छापेमारी की, जिसमें करोड़ों की संपत्ति सामने आई है। छापेमारी के दौरान 17 जमीन और प्लॉट के कागज मिले हैं, जिनकी कीमत 3 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। ये जमीन अररिया, सुपौल, दरभंगा और सिलीगुड़ी से जुड़ी हुई है।

जांच में 1.05 लाख रुपये नकद भी मिले हैं। इसके अलावा अलग-अलग बैंक खातों में 4.25 लाख रुपये जमा होने की जानकारी सामने आई है। एजेंसी अभी सभी खातों की जांच कर रही है। इस मामले में इंजीनियर के भाई संजय रजक को भी सह अभियुक्त बनाया गया है। उनके नाम पर एचपी गैस एजेंसी चलती है। इसी एजेंसी के नाम पर खरीदी गई स्कॉर्पियो गाड़ी का इस्तेमाल सरकारी काम में दिखाकर भुगतान लिया गया।

होटल और निर्मली में एक और गोदाम की जानकारी

तलाशी के दौरान करजाईन में तीन होटल और निर्मली में एक और गोदाम की जानकारी मिली है। वहीं दरभंगा में एक मकान भी मिला है। जांच में यह भी सामने आया है कि इंजीनियर ने सुनसरी (नेपाल) में जमीन लेकर बंगला बनवाना शुरू किया है। उनकी पत्नी के नाम पर दरभंगा-बिरौल रोड पर पेट्रोल पंप के लिए जमीन लीज पर ली गई है।

आय से 62.66 प्रतिशत ज्यादा संपत्ति

EOU ने मनोज रजक के खिलाफ आय से 62.66 प्रतिशत ज्यादा संपत्ति होने का मामला दर्ज किया है। इसके बाद ही छापेमारी की गई। यह कार्रवाई मुजफ्फरपुर के निगरानी कोर्ट से वारंट लेकर की गई। फिलहाल जांच जारी है और एजेंसी सभी दस्तावेजों की जांच कर रही है। शक है कि पद का गलत इस्तेमाल कर अवैध कमाई की गई है और आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं।