Madhubani robbery: लूटने आए थे कैश, खुद फंस गए जाल में, मधुबनी में पेट्रोल पंप पर लूट की प्लानिंग फेल

Madhubani robbery: मधुबनी के जयनगर में महात्मा पेट्रोल पंप पर चार बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर कैश लूटने की कोशिश की। पंप कर्मियों और स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाकर दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि दो फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Madhubani robbery

Madhubani robbery: मधुबनी जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के कमला वाड़ी गांव स्थित महात्मा पेट्रोल पंप पर शुक्रवार (3 जुलाई 2026) को बड़ी वारदात होते-होते बच गई। यहां चार बदमाश बाइक से पेट्रोल पंप पर पहुंचे। सभी आम ग्राहकों की तरह आए और अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाया। पेट्रोल भरने के बाद पैसे देने को लेकर पंप कर्मी के साथ उनका विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। आरोप है कि बदमाशों ने अचानक पिस्तौल निकाल ली और पंप कर्मी को डराने-धमकाने लगे। इस दौरान उन्होंने कैश लूटने की कोशिश भी की। पंप पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

इसी बीच वहां मौजूद एक व्यक्ति ने मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन बदमाश उससे भी उलझ गए। इसके बाद पंप कर्मियों और आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाई। सभी ने मिलकर बदमाशों की घेराबंदी कर दी। लोगों ने मौके पर ही दो बदमाशों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। हालांकि उनके दो साथी मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

पुलिस घटनास्थल पर पहुंची

घटना की जानकारी मिलते ही लदनियां थाना पुलिस सबसे पहले मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पकड़े गए बदमाशों को हिरासत में लिया और उनके पास मौजूद हथियार जब्त कर लिए। इसके कुछ देर बाद जयनगर थाना अध्यक्ष रमण कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी। फुटेज के आधार पर फरार बदमाशों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पहचान

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पहचान जयनगर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर कबीर चौक निवासी 22 वर्षीय राकेश कुमार सिंह और कोरहिया के टेढ़ा गांव निवासी 24 वर्षीय गोपाल यादव के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और नेपाली नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस अब फरार दो अन्य बदमाशों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। जयनगर थाना अध्यक्ष रमण कुमार ने बताया कि चार लोग पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। पेट्रोल भरवाने के बाद पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर बदमाशों ने पिस्तौल निकाल ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।