Bihar Politics :मधुबनी जेल में 20 साल के रौशन की मौत पर बवाल, तेजस्वी बोले- तड़पा-तड़पा कर मारा गया

Bihar Politics :मधुबनी के रामपट्टी स्थित मंडल कारा में बंदी रौशन कुमार यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।...

Tejashwi
जेल में मौत पर बवाल- फोटो : reporter

Bihar Politics :मधुबनी के रामपट्टी स्थित मंडल कारा में 10 अगस्त 2026 को 20 वर्षीय बंदी रौशन कुमार यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। जेल प्रशासन जहां इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं मृतक के परिजन इसे हत्या बताते हुए जेल प्रशासन पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं। अब इस मामले में सियासी पारा भी चढ़ गया है।

गुरुवार देर शाम बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव राजद के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रौशन यादव के परिजनों से मिलने अरेर थाना क्षेत्र के परकौली गांव पहुंचे। तेजस्वी यादव के पहुंचने में शाम से रात हो गई, लेकिन उनके इंतजार में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक जुटे रहे। मौके पर हजारों लोगों की भीड़ मौजूद रही।

परकौली पहुंचने के बाद तेजस्वी यादव ने रौशन की मां और बहन से मुलाकात की और परिवार से घटना की पूरी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने रौशन की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए। तेजस्वी यादव ने कहा कि रौशन यादव को तड़पा-तड़पा कर मारा गया है और इस मामले में सबका हिसाब होगा।उन्होंने प्रशासन और स्थानीय सांसद की भूमिका पर भी सवाल उठाए। तेजस्वी ने कहा कि न्याय की लड़ाई से राजद पीछे नहीं हटेगा और पार्टी परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मामले को लेकर राजद अपने वकीलों से बातचीत कर रहा है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि इस मामले को लेकर राजद का एक प्रतिनिधिमंडल मानवाधिकार आयोग से मुलाकात करेगा। इसके साथ ही पूरे प्रकरण की जानकारी बिहार के डीजीपी को भी दी जाएगी। उनका कहना था कि रौशन के परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और न्याय मिलने तक पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी।राजद नेता ने प्रशासन को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर आवाज उठाएगी। इस दौरान उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की जरूरत पर भी जोर दिया।

पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान तेजस्वी यादव ने आर्थिक मदद का भी ऐलान किया। उन्होंने रौशन यादव के परिवार को डेढ़ लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही मृतक की बहन को मधुबनी मेडिकल कॉलेज में नौकरी दिलाने का वादा किया।तेजस्वी यादव के इस ऐलान के बाद मौके पर मौजूद लोगों में चर्चा तेज हो गई। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय की इस लड़ाई में राजद उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगा।

रौशन यादव की मौत को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर रामपट्टी मंडल कारा में उसकी जान किन परिस्थितियों में गई। जेल प्रशासन इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि परिजनों ने मारपीट कर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।फिलहाल दोनों पक्षों के दावों के बीच मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच बेहद अहम हो गई है। पोस्टमार्टम, जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों से ही मौत की असली वजह का खुलासा हो सकेगा। वहीं, तेजस्वी यादव के हस्तक्षेप के बाद यह मामला अब सिर्फ एक संदिग्ध मौत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बिहार की सियासत में भी बड़ा मुद्दा बनता दिखाई दे रहा है।