मौलाना इजहारुल हक के घर पर एनआईए की छापेमारी, घर की तलाशी के साथ परिजनों से कड़ी पूछताछ

करीब चार महीने पहले एमपी व बिहार एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए मदरसा संचालक मौलाना मौलाना इजहारुल हक के घर पर बुधवार को एनआईए ने धावा बोला। एनआईआई की टीम ने घर की तलाशी ली और परिजनों से पूछताछ की....

मौलाना इजहारुल हक के घर पर एनआईए की छापेमारी, घर की तलाशी के
मौलाना इजहारुल हक के घर पर एनआईए की छापेमारी- फोटो : सांकेतिक तस्वीर

Madhubani :  जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां आज बुधवार की सुबह-सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने मौलाना इजहारुल हक के घर पर छापेमारी की। टीम ने सुबह पहुंचकर घर की तलाशी लेने के साथ-साथ मौलाना के परिजनों से पूछताछ की, जबकि छापेमारी की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे लोगों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण आसपास जाने की अनुमति नहीं दी गई। 


उल्लेखनीय है कि 56 वर्षीय मौलाना इजहारुल हक का नाम करीब चार महीने पहले उस समय चर्चा में आया था, जब बिहार एटीएस और मध्य प्रदेश एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में उसे राष्ट्रविरोधी व कट्टरपंथी गतिविधियों में शामिल होने के संदेह पर मधुबनी से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर भोपाल ले जाया गया था।


मदरसा संचालन व व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए सामने आई थी संदिग्ध गतिविधियों की कड़ी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इजहारुल हक मधुबनी में एक मदरसा चलाता था, जहां चुनिंदा बच्चों को पढ़ाया जाता था। मध्य प्रदेश एटीएस की जांच में भोपाल निवासी फिरोज नामक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के दौरान एक व्हाट्सएप ग्रुप की जानकारी सामने आई, जिसमें इजहारुल हक के अलावा अलवर (राजस्थान) से शाकिर, देवबंद (उत्तर प्रदेश) से नईम, भोपाल से फराज और धार (मध्य प्रदेश) से हाजी अहमद सहित अन्य संदिग्ध जुड़े थे। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि ये लोग मदरसे के माध्यम से संदिग्ध देशविरोधी गतिविधियों से जुड़े थे।


नेपाल, कर्नाटक व मुंबई बैठकों और विदेशों से जुड़े संपर्कों की चर्चा

सूत्रों के मुताबिक, मौलाना इजहारुल हक के कर्नाटक, मुंबई और नेपाल में बैठकें करने की बातें सामने आई हैं, वहीं नेपाल के रास्ते पाकिस्तान तक सिम कार्ड भेजने और विदेशों से संपर्क होने की भी चर्चाएं हैं, हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले उसने अपने घर में एक शादी के दौरान अपनी हैसियत से अधिक खर्च किया था।


मामले में एनआईए की एंट्री, एजेंसी की ओर से अभी आधिकारिक बयान नहीं

पहले एटीएस द्वारा की गई कार्रवाई के बाद अब इस प्रकरण में एनआईए के शामिल होने से जांच का दायरा और गहरा गया है। हालांकि, एनआईए की ओर से इस छापेमारी को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।


आगे की जांच व एजेंसी के रुख पर टिकी निगाहें

तलाशी, परिजनों से पूछताछ और पूर्व में सामने आए तथ्यों के आधार पर जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर नजर बनी हुई है। यह देखना होगा कि एनआईए की जांच में और क्या तथ्य सामने आते हैं।