सुल्तानगंज के EO कृष्ण भूषण कुमार को राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई, प्रशासन ने परिजनों को सौंपा 25 लाख का चेक

Bihar News : सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार को आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी और एसपी ने उनके परिवार का ढाढ़स बंधाया...

सुल्तानगंज के EO कृष्ण भूषण कुमार को राजकीय सम्मान के साथ दी
EO स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार को प्रशासन की ओर से दिया 'गार्ड ऑफ ऑनर' - फोटो : राज कुमार झा

Madhubani : सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार के असामयिक निधन पर पूरा प्रशासनिक महकमा शोक संतप्त है। आज बुधवार को मधुबनी स्थित उनके पैतृक आवास पर जिला प्रशासन द्वारा उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दुखद घड़ी में जिलाधिकारी आनंद शर्मा और पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने दिवंगत अधिकारी के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। प्रशासन की ओर से उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' भी दिया गया।


कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में किए जाएंगे याद 

श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार एक अत्यंत साहसी, ईमानदार और समर्पित अधिकारी थे। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान जनहित के कार्यों और प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया। जिलाधिकारी ने उनके योगदान को स्मरणीय बताते हुए कहा कि उनका जाना प्रशासनिक जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। पुलिस अधीक्षक ने भी उनके कर्तव्यपरायण जीवन को याद कर शोक संवेदना व्यक्त की।


शोक-संतप्त परिवार को ₹25 लाख की आर्थिक सहायता 

जिलाधिकारी ने दिवंगत अधिकारी की पत्नी शालू कुमारी और अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया। इस कठिन समय में परिवार को संबल देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने शालू कुमारी को तत्काल सहायता राशि के रूप में 25 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और भविष्य में भी हर संभव सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।


वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि 

दिवंगत अधिकारी को अंतिम विदाई देने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग, पटना के विशेष सचिव मनन राम और उप सचिव रंजन कुमार भी पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं साझा कीं। इसके अलावा नगर आयुक्त उमेश भारती, डीपीआरओ परिमल कुमार, एसडीओ चंदन झा और एसडीपीओ अमित कुमार सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने भी उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया।


शोक में डूबा पूरा इलाका 

अंतिम संस्कार के दौरान भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और आम नागरिक उपस्थित रहे। कृष्ण भूषण कुमार की मिलनसार छवि और कार्यशैली के कारण लोगों में उनके प्रति गहरा सम्मान था। उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हर आंख नम थी। उपस्थित सभी लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक-संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

राज कुमार झा की रिपोर्ट