Bihar Jobs Alert:बिहार में नौकरी का महाबंपर धमाका! 13,208 पदों पर होगी बहाली, 10,479 असिस्टेंट प्रोफेसर की होगी नियुक्ति

Bihar Jobs Alert: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। ...

Bihar Jobs Alert
बिहार में नौकरी का महाबंपर धमाका!- फोटो : X

Bihar Jobs Alert: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। खासकर असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए आने वाले दिन बेहद अहम हो सकते हैं। राज्य के विश्वविद्यालयों और अंगीभूत महाविद्यालयों में एक साथ 13,208 पदों पर नियुक्ति की तैयारी चल रही है। उच्च शिक्षा विभाग ने बहाली का पूरा खाका तैयार कर लिया है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस प्रस्ताव को वित्त विभाग की मंजूरी भी मिल चुकी है। अब इसे कैबिनेट की हरी झंडी मिलने का इंतजार है। अगर कैबिनेट से मुहर लग जाती है तो बिहार में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नौकरी का रास्ता खुल सकता है।

इस प्रस्ताव में सबसे ज्यादा पद सहायक प्राध्यापकों के लिए रखे गए हैं। कुल 10,479 असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा 211 प्राचार्य और 2,518 गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की बहाली का प्रस्ताव है। यानी सिर्फ शिक्षक ही नहीं, बल्कि कॉलेजों के प्रशासनिक और तकनीकी कामकाज को संभालने वाले युवाओं के लिए भी अवसर तैयार हो रहा है।

सहायक प्राध्यापकों के 10,479 पदों में विश्वविद्यालयों के पहले से खाली करीब 4,000 पद शामिल हैं। वहीं, 211 नए अंगीभूत कॉलेजों के लिए 6,479 पद निर्धारित किए गए हैं। इन कॉलेजों में विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय के 15 विषयों में 30-30 सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति का प्रावधान है। इसके साथ ही प्रत्येक कॉलेज में एक प्राचार्य और 12 कर्मचारी भी रखे जाएंगे। कर्मचारियों में लिपिक, प्रयोगशाला सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर और चतुर्थ वर्गीय कर्मी शामिल होंगे।

इस बार असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की राह पहले जैसी नहीं होगी। नियुक्ति नई नियमावली के तहत की जाएगी। अभ्यर्थियों को सबसे पहले राज्यस्तरीय पात्रता परीक्षा पास करनी होगी। यह परीक्षा राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा यानी नेट की तर्ज पर आयोजित करने की तैयारी है। इसके आयोजन की जिम्मेदारी बिहार लोक सेवा आयोग यानी बीपीएससी को दिए जाने की बात सामने आई है।

पात्रता परीक्षा पास करने के बाद चयन के अगले चरण में 160 अंकों की लिखित परीक्षा और 40 अंकों का साक्षात्कार होगा। यानी अंतिम मेरिट कुल 200 अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। इंटरव्यू के लिए तीन सदस्यीय समिति बनेगी, जिसमें विषय विशेषज्ञ भी शामिल रहेंगे। नियुक्तियों में बिहार सरकार की आरक्षण नीति लागू होगी।

गौर करने वाली बात यह है कि नई नियुक्ति नियमावली को राज्यपाल एवं कुलाधिपति कार्यालय से पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। बिहार राजपत्र में प्रकाशित नियमावली के अनुसार यह व्यवस्था एक जुलाई 2026 से प्रभावी है। अब वित्त विभाग की स्वीकृति के बाद प्रस्ताव कैबिनेट के सामने रखा जाना है। कैबिनेट की मंजूरी और आधिकारिक विज्ञापन जारी होने के बाद ही आवेदन और चयन प्रक्रिया की तस्वीर साफ होगी। फिलहाल हजारों अभ्यर्थियों की निगाहें कैबिनेट के फैसले पर टिकी हैं। यह बहाली न सिर्फ बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ा अवसर बन सकती है, बल्कि विश्वविद्यालयों और नए कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने में भी अहम भूमिका निभा सकती है।