मुंगेर में न्यायिक पदाधिकारी के खिलाफ अधिवक्ताओं का विरोध, 15 और 16 जून को कोर्ट बहिष्कार का ऐलान
Bihar News : मुंगेर व्यवहार न्यायालय की न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी किरण कुमारी के खिलाफ मुंगेर विधिज्ञ संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ की आम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए 15 और 16 जून 2026 को उनके न्यायालय के बहिष्कार का ऐलान किया गया है।
विधिज्ञ संघ का आरोप है कि न्यायिक दंडाधिकारी द्वारा न्यायिक कार्यों का निष्पादन मनमाने तरीके से किया जा रहा है। साथ ही वरीय पदाधिकारियों की सलाह की अनदेखी करने और अधिवक्ताओं के साथ अशोभनीय भाषा का प्रयोग करने जैसी शिकायतें भी सामने आई हैं।
इन आरोपों को लेकर आयोजित आम सभा में अधिवक्ताओं ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और दो दिनों तक न्यायिक दंडाधिकारी किरण कुमारी की अदालत का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनके व्यवहार और कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में उनके न्यायालय का अनिश्चितकालीन बहिष्कार भी किया जा सकता है।
मुंगेर विधिज्ञ संघ ने अपने निर्णय की प्रतिलिपि पटना हाईकोर्ट, संबंधित इंस्पेक्टिंग जज, जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा बार काउंसिल को भी भेज दी है। इस फैसले के बाद न्यायालय परिसर में चर्चा का माहौल है। फिलहाल न्यायिक दंडाधिकारी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं अधिवक्ताओं का कहना है कि न्यायिक गरिमा और सम्मानजनक कार्य वातावरण बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
इम्तियाज की रिपोर्ट