पुलिस की 'गांधीगिरी': नियम तोड़ने वालों का चालान नहीं, गुलाब देकर सिखाया सुरक्षा का पाठ

पुलिस ने हेलमेट न पहनने वाले वाहन चालकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के बजाय 'गांधीगिरी' का रास्ता चुना। शहर के व्यस्त चौक-चौराहों पर नियमों की अनदेखी करने वालों को गुलाब का फूल भेंट कर उन्हें जीवन की कीमत समझाई गई।

पुलिस की 'गांधीगिरी': नियम तोड़ने वालों का चालान नहीं, गुलाब

Munger - : बिहार पुलिस सप्ताह के अवसर पर मुंगेर की सड़कों पर खाकी का एक मानवीय और प्रेरक चेहरा देखने को मिला। जिले के एसपी सैयद इमरान मसूद के नेतृत्व में पुलिस ने हेलमेट न पहनने वाले वाहन चालकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के बजाय 'गांधीगिरी' का रास्ता चुना। शहर के व्यस्त चौक-चौराहों पर नियमों की अनदेखी करने वालों को गुलाब का फूल भेंट कर उन्हें जीवन की कीमत समझाई गई। पुलिस की इस अनूठी पहल ने न केवल लोगों को चौंका दिया, बल्कि यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी का एहसास भी कराया। 

अपराधी नहीं, दोस्त की तरह पेश आई पुलिस

अभियान के दौरान मुंगेर के प्रसिद्ध भगतसिंह चौक पर पुलिस का नजारा बदला हुआ था। आमतौर पर पुलिस को देखकर रास्ता बदलने वाले बाइक सवार तब हैरान रह गए जब पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका और चालान काटने के बजाय उनके हाथों में गुलाब का फूल थमा दिया। पुलिस ने विनम्रता से उन्हें समझाया कि हेलमेट पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए पहनना अनिवार्य है। 

नियम मानने वालों का बढ़ा मान

इस अभियान की खास बात यह रही कि पुलिस ने सिर्फ नियम तोड़ने वालों को ही नहीं टोका, बल्कि जो लोग पहले से हेलमेट पहनकर नियमों का पालन कर रहे थे, उन्हें भी सम्मान स्वरूप गुलाब देकर प्रोत्साहित किया गया। इससे लोगों के बीच यह संदेश गया कि कानून का पालन करने पर पुलिस उनका सम्मान भी करती है। 

एसपी की अपील: "आपका परिवार आपका इंतजार कर रहा है"

मौके पर मौजूद एसपी ने आम जनता से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाएं किसी भी परिवार को उजाड़ सकती हैं। उन्होंने संदेश दिया कि हेलमेट सिर्फ जुर्माने से बचने का जरिया नहीं है, बल्कि यह आपके और आपके परिवार के बीच की सुरक्षा कवच है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपनी और अपने प्रियजनों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों को आत्मसात करें। 

मौके पर मुस्तैद रही टीम

जागरूकता के इस महाभियान में यातायात डीएसपी, यातायात थानाध्यक्ष सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। मुंगेर पुलिस की इस पहल की शहर भर में चर्चा हो रही है और लोग पुलिस के इस दोस्ताना रवैये की सराहना कर रहे हैं।

Report - मो. ताबिश इरशाद