Raxaul train accident: रक्सौल–सीतामढ़ी रेलखंड पर बड़ा हादसा टला, कार ट्रेन से टकराई लेकिन कोई हताहत नहीं

Raxaul train accident: बिहार के रक्सौल–सीतामढ़ी रेलखंड पर नोनियाडीह गांव के पास कार और ट्रेन की टक्कर हो गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई, लेकिन गनीमत रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

 Raxaul train accident
रक्सौल–सीतामढ़ी रेलखंड पर बड़ा हादसा - फोटो : social media

 Raxaul train accident: बिहार के सीमावर्ती इलाके में रविवार (15 मार्च 2026) की देर शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब रक्सौल–सीतामढ़ी रेलखंड पर एक कार ट्रेन से टकरा गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार प्रखंड के नोनियाडीह गांव के पास यह हादसा हुआ। यहां अमृत भारत ट्रेन (015562 डाउन) से एक कार (बीआर 07 एई 0353) की टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार कार चालक रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहा था। उसी समयरक्सौल से सीतामढ़ी की ओर जा रही ट्रेन वहां पहुंच गई और कार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चश्मदीदों ने बताया कि ट्रेन तेज स्पीड में थी और ड्राइवर समय रहते कार को ट्रैक से पूरी तरह नहीं हटा सका। हालांकि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल के जवान और रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि वाहन चालक द्वारा जल्दबाजी में ट्रैक पार करने की कोशिश के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद कार ट्रैक से कुछ दूरी पर क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी मिली।

रेल परिचालन सामान्य

रेलवे प्रशासन के अनुसार इस दुर्घटना से ट्रेन संचालन पर कोई खास असर नहीं पड़ा। ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ गई और रेल यातायात सामान्य बना रहा। रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय पूरी सावधानी बरतें और केवल निर्धारित फाटक या सुरक्षित स्थानों से ही आवागमन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।