इश्क का चढ़ा भूत तो मोबाइल टावर पर चढ़ा सनकी आशिक, गर्लफ्रेंड को बुलाने की जिद पर अड़ा

lover climbed a mobile tower in Muzaffarpur
lover climbed a mobile tower in Muzaffarpur - फोटो : news4nation

Bihar News :  मुजफ्फरपुर शहर के जंक्शन के नजदीक रेलवे कॉलोनी परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक करीब 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि युवक अपनी गर्लफ्रेंड को बुलाने की मांग पर अड़ा हुआ है।  घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी है। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई है, जिससे स्थिति और भी संवेदनशील बनी हुई है।


जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान देवरिया थाना क्षेत्र के अनीश कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक अचानक टावर पर चढ़ गया और ऊपर से ही अपनी मांगों को लेकर शोर मचाने लगा।


फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारने की कवायद की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता युवक की जान बचाना है और स्थिति को शांतिपूर्वक नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके में काफी देर तक हड़कंप का माहौल बना रहा।

मणिभूषण की रिपोर्ट