Bihar News: अक्षय तृतीया पर हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, बदमाशों की हर चाल पर पैनी निगाह
Bihar News: मुजफ्फरपुर में अक्षय तृतीया के पावन पर्व को देखते हुए जहां बाजारों में रौनक और रशो-गुल का माहौल है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।...
Bihar News: मुजफ्फरपुर में अक्षय तृतीया के पावन पर्व को देखते हुए जहां बाजारों में रौनक का माहौल है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के सख्त निर्देश पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं।
पर्व के मौके पर आमतौर पर बाजारों में भीड़-भाड़ बढ़ जाती है, और इसी भीड़ का फायदा उठाकर कुछ शातिर बदमाश, जेबकतरे और असामाजिक तत्व वारदात को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं। लेकिन इस बार पुलिस ने उनकी हर नापाक साजिश पर पानी फेरने की पूरी तैयारी कर ली है।
शहर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही सादी वर्दी में भी पुलिस जवानों को तैनात किया गया है, जो भीड़ में घुल-मिलकर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रहे हैं। बाइक पेट्रोलिंग पार्टी भी लगातार इलाकों का गश्त कर रही है ताकि किसी भी अपराधिक हरकत को मौके पर ही कुचल दिया जाए।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने साफ शब्दों में कहा है कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि बदमाशों और जेबकतरों की हर चाल पर पुलिस की पैनी निगाह है, और किसी भी तरह की वारदात को अंजाम देने वालों को तुरंत सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे खरीदारी के दौरान सतर्क रहें, अपने सामान और कीमती वस्तुओं की हिफाजत करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कुल मिलाकर मुजफ्फरपुर पुलिस ने इस बार अक्षय तृतीया पर क्राइम कंट्रोल का सख्त पहरा लगा दिया है, जिससे अपराधियों के मंसूबों पर पूरी तरह पानी फिरता नजर आ रहा है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा