Vijay Sinha in action:एक्शन मोड में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, लापरवाह सीओं को किया निलंबित, अफसरों में हड़कंप

सुनवाई के दौरान राजस्व कर्मचारी राकेश कुमार की लापरवाही उजागर हुई। उपमुख्यमंत्री ने बिना देर किए उन्हें निलंबित करने का आदेश दे दिया।...

COs Suspended
लापरवाह सीओं को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किया निलंबित- फोटो : reporter

Vijay Sinha in action: बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं राजस्व व भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा इन दिनों पूरी तरह फुल एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। भूमि से जुड़े मामलों में वर्षों से चली आ रही अव्यवस्था, भ्रष्टाचार और अधिकारियों की लापरवाही पर उन्होंने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। इसी कड़ी में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा मुजफ्फरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जनता दरबार लगाकर सीधे आम लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।

सख्ती का सबसे बड़ा उदाहरण तब देखने को मिला, जब सुनवाई के दौरान मुशहरी प्रखंड के सतपुरा के राजस्व कर्मचारी राकेश कुमार की लापरवाही उजागर हुई। उपमुख्यमंत्री ने बिना देर किए उन्हें निलंबित करने का आदेश दे दिया। यह कार्रवाई न सिर्फ राजस्व महकमे के लिए सख्त संदेश है, बल्कि यह भी संकेत है कि अब जमीन से जुड़े मामलों में मनमानी करने वालों की खैर नहीं।

मुजफ्फरपुर विश्वविद्यालय परिसर स्थित श्री कृष्ण सिंह प्रेक्षागृह में आयोजित इस जनता दरबार में भूमि विवाद के निपटारे को लेकर हजारों लोग मौजूद रहे। दूर-दराज के गांवों से आए फरियादियों ने अपनी पीड़ा उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखी। सुनवाई के दौरान विजय सिन्हा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भूमि विवाद गरीब और मध्यम वर्ग के लिए सबसे बड़ी परेशानी है, और सरकार इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने डीसीएलआर, सीओ समेत अन्य राजस्व अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनता के काम में लापरवाही अब नहीं चलेगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सुरक्षा से लेकर व्यवस्था तक चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे, ताकि किसी भी फरियादी को असुविधा न हो। उपमुख्यमंत्री ने एक-एक मामले की गंभीरता से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया।

कुल मिलाकर, मुजफ्फरपुर का यह जनता दरबार सरकार की उस मंशा को दर्शाता है, जिसमें पारदर्शी व्यवस्था, त्वरित न्याय और जवाबदेह प्रशासन को प्राथमिकता दी जा रही है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा