Bihar News: अधिकारियों की शामत! विधायक ने बीच काम में मारा छापा, बिना कागज के हो रहे निर्माण पर जमकर लगायी क्लास
Bihar News: विधायक अजीत कुमार अचानक ईवीएम वेयरहाउस के मरम्मत कार्य का निरीक्षण करने पहुंच गए। जहां उन्हें जानकारी मिली कि बिना निविदा और प्राक्कलन के मरम्मती निर्माण कार्य कराया जा रहा है, पढ़िए आगे...
Bihar News: मुजफ्फरपुर के कांटी प्रखंड मुख्यालय में ईवीएम वेयरहाउस के मरम्मत कार्य को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। कांटी प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस में बिना निविदा और प्राक्कलन के मरम्मती निर्माण कार्य कराए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने मौके पर पहुंचकर कार्यस्थल का निरीक्षण किया।
विधायक ने श्रमिकों से की पूछताछ
निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मौके पर मौजूद श्रमिकों से पूछताछ करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता रवि चंद्रा से फोन पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
नहीं चलेंगी पुरानी परंपराएं
विधायक अजीत कुमार ने कहा कि इस निर्माण कार्य की जानकारी उन्हें नहीं दी गई, जो गंभीर लापरवाही है। उन्होंने साफ कहा कि अब कांटी में पुरानी परंपराएं नहीं चलेंगी और सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ और उनकी जानकारी में ही किए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विधायक का आरोप
विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों और संवेदकों की मिलीभगत से सरकार के निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है, जो चिंता का विषय है। मौके पर मौजूद बीडीओ आनंद कुमार विभूति को भी उन्होंने निर्देश दिया कि प्रखंड क्षेत्र में शुरू होने वाले हर निर्माण कार्य की जानकारी उन्हें अनिवार्य रूप से दी जाए। फिलहाल मामले ने तूल पकड़ लिया है और अब जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि निर्माण कार्य में कितनी अनियमितता हुई है।
दिल्ली से धीरज की रिपोर्ट