Bihar Unique Love Story:मोहब्बत पर पहरा, फिर इकरार का सवेरा, गुपचुप मिलना पड़ा भारी, ग्रामीणों ने पकड़ा… फिर बना दिया दूल्हा-दुल्हन

Bihar Unique Love Story:अजय और रानी दो नाम, लेकिन एक ही धड़कन। पिछले एक साल से दोनों के बीच इश्क़ की एक पाक डोर बंधी हुई थी।.....

Muzaffarpur Couple Caught Forced to Marry in Temple Amid Cha
मोहब्बत पर पहरा, फिर इकरार का सवेरा- फोटो : reporter

Bihar Unique Love Story: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई प्रखंड से एक ऐसी दास्तान-ए-मोहब्बत सामने आई है, जिसने हर दिल को छू लिया है। यह सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि जज़्बात, डर, हिम्मत और आखिरकार समाज की समझदारी का वो अफसाना है, जिसे सुनकर आंखें भी नम होती हैं और दिल भी सुकून से भर जाता है।

अजय और रानी दो नाम, लेकिन एक ही धड़कन। पिछले एक साल से दोनों के बीच इश्क़ की एक पाक डोर बंधी हुई थी। मुलाकातें चोरी-छिपे होती थीं, बातें खामोशी में गूंजती थीं और दिलों में एक-दूसरे के लिए बेइंतहा मोहब्बत पल रही थी। मगर समाज का खौफ, घरवालों की बंदिशें और रिश्तों की दीवारें उन्हें खुलकर जीने नहीं दे रही थीं।

कहानी ने उस वक्त करवट ली जब औराई के जोकी गांव में दोनों एक-दूसरे से मिलने पहुंचे। तकदीर को शायद कुछ और ही मंजूर था कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई। देखते ही देखते फिजा बदल गई, फुसफुसाहटें शोर में तब्दील हो गईं और वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। माहौल में तल्खी थी, सवाल थे, और एक अनजाना डर भी।

मगर यहीं से इस कहानी का सबसे खूबसूरत मोड़ शुरू होता है। गांव के समझदार बुजुर्गों ने हालात को बिगड़ने नहीं दिया। उन्होंने गुस्से के बजाय होश से काम लिया, और सबसे पहले दोनों की उम्र की तस्दीक कराई। जब यह साफ हुआ कि अजय और रानी बालिग हैं और अपनी मर्जी से एक-दूसरे को चाहते हैं, तो माहौल में नरमी आने लगी।

फिर पंचायत बैठी जहां फैसले नहीं, बल्कि रिश्तों की अहमियत समझी गई। आखिरकार दोनों परिवारों की रज़ामंदी से उसी मंदिर परिसर में अजय और रानी का निकाह-ए-इश्क़, यानी शादी करा दी गई। बिना शोर-शराबे, सादगी और दुआओं के बीच दोनों एक-दूसरे के हो गए।

जो मंजर कुछ देर पहले तक विवाद बन सकता था, वही पलभर में खुशियों का जश्न बन गया। गांव वालों ने भी इस मिलन को दिल से कबूल किया और गवाह बने उस लम्हे के, जहां मोहब्बत ने हर दीवार को गिरा दिया। आज यह कहानी पूरे इलाके में चर्चा का विषय है एक मिसाल, कि अगर नीयत साफ हो और सोच समझदार, तो हर मुश्किल का हल निकल सकता है। यह सिर्फ अजय और रानी की जीत नहीं, बल्कि इंसानियत, समझदारी और सच्चे प्यार की जीत है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा