Bihar News:मुजफ्फरपुर में खूनी-खेल पर सियासी संग्राम, तेजस्वी यादव का आज दौरा, पुलिस बनाम पब्लिक फायरिंग कांड ने मचाई हलचल

आज बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मुजफ्फरपुर पहुंचकर मारे गए जगतवीर यादव के परिजनों से मुलाकात करेंगे। इस हाई-प्रोफाइल विज़िट को लेकर इलाके में हलचल तेज हो गई है और सियासत भी गर्मा गई है।

Tejashwi Yadav Visit
खूनी-खेल पर सियासी संग्राम- फोटो : reporter

Muzaffarpur: गायघाट इलाके में हुए खौफनाक गोलीकांड ने अब सियासी रंग अख्तियार कर लिया है। आज बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव चोरनिया गांव पहुंचकर मारे गए जगतवीर राय के परिजनों से मुलाकात करेंगे। इस हाई-प्रोफाइल विज़िट को लेकर इलाके में हलचल तेज हो गई है और सियासत भी गर्मा गई है।

दरअसल, कुछ दिन पहले गायघाट थाना क्षेत्र के चोरनिया गांव में पुलिस की छापेमारी के दौरान हालात बेकाबू हो गए थे। पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम और स्थानीय लोगों के बीच जबरदस्त झड़प हो गई। हालात इतने बिगड़े कि ईंट-पत्थर से लेकर गोलियों तक का खेल शुरू हो गया। इस भिड़ंत में कई पुलिसकर्मी जख्मी हुए, वहीं पुलिस की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

इसी दौरान चली गोली में जगतवीर राय  की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में मातम और गुस्से का माहौल फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने सीधा इल्ज़ाम तत्कालीन थाना अध्यक्ष पर लगाया कि ‘क़रीबी रेंज’ से गोली मारकर कत्ल किया गया। वहीं पुलिस का दावा है कि हालात काबू से बाहर हो गए थे और ‘आत्मरक्षा’ में फायरिंग करनी पड़ी।

मामले की संगीनियत को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। जिले के तमाम आला अफसरों ने घटनास्थल का मुआयना किया और एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है, जो मजिस्ट्रेट की निगरानी में पूरे केस की तहकीकात कर रही है।

इस खूनी कांड ने अब सियासी पारा भी चढ़ा दिया है। इससे पहले कांग्रेस सांसद पप्पू यादव और आरजेडी का एक डेलिगेशन पीड़ित परिवार से मुलाकात कर चुका है और इंसाफ की मांग कर चुका है। अब तेजस्वी यादव का दौरा इस मामले को और गरमा सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, तेजस्वी यादव परिजनों को इंसाफ का भरोसा दिलाने के साथ-साथ सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर सकते हैं। गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, वहीं पूरे इलाके में अब भी तनाव और खौफ का माहौल बना हुआ है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा