Muzaffarpur suicide: ब्रह्मपुरा में MBA छात्र की संदिग्ध मौत! कमरे में फंदे से लटका मिला शव
Muzaffarpur suicide: मुजफ्फरपुर में एमबीए छात्र मनीष उपाध्याय ने फंदे से लटककर की आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।
Muzaffarpur suicide: मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के कृष्णा टोली में रविवार शाम एक दुखद घटना सामने आई, जहां एक एमबीए के छात्र ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान 25 वर्षीय मनीष उपाध्याय के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया। मामले को गंभीर मानते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने कमरे की जांच की और जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए।
शुरुआती जांच में पुलिस प्रेम प्रसंग को कारण मानकर चल रही है, लेकिन बाकी पहलुओं पर भी जांच जारी है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। मनीष मूल रूप से मोतीपुर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा गांव के रहने वाले मनोज उपाध्याय के बेटे थे। वह कृष्णा टोली में किराए के मकान में रहकर भगवानपुर चौक स्थित एक कॉलेज से एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया
स्थानीय लोगों ने बताया कि काफी देर तक कमरे का दरवाजा बंद था। कई बार आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो शक होने पर लोगों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर मनीष का शव फंदे से लटका मिला। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मनीष दो भाइयों में बड़े थे और पढ़ाई के लिए अपने चाचा और दोस्तों के साथ यहां रह रहे थे। थानाध्यक्ष बिपिन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।