मूर्ति विसर्जन को लेकर अलर्ट मोड पर पटना पुलिस: खुद सड़क पर उतरे सिटी एसपी (मध्य), विसर्जन स्थलों और जुलूस मार्गों का किया भौतिक निरीक्षण

विजयदशमी के बाद अब मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन का सिलसिला जारी है। विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न हो इसे लेकर पटना प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सिटी एसपी (मध्य) खुद विसर्जन स्थलों और जुलूस मार्गों का जायजा ले रहे है....

मूर्ति विसर्जन को लेकर अलर्ट मोड पर पटना पुलिस: खुद सड़क पर
सिटी एसपी ने विसर्जन स्थल का लिया जायजा- फोटो : अनिल कुमार

Patna : शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पटना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में 21 अक्टूबर 2026 को नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य), पटना चन्द्र प्रकाश ने खुद मैदान में उतरकर शहर के विभिन्न विसर्जन स्थलों, गंगा घाटों और उससे जुड़ने वाले जुलूस मार्गों का गहन भौतिक निरीक्षण किया।


सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था का लिया जायजा

भौतिक निरीक्षण के दौरान एसपी सेंट्रल चन्द्र प्रकाश ने विसर्जन स्थलों पर की गई तैयारियों, सुरक्षा घेरे और मार्गों की स्थिति की बारीक समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था हर हाल में बनी रहनी चाहिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में बिना किसी बाधा के वाहनों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण बिंदु पर निर्देशित किया गया।


पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी बरतने के निर्देश

सिटी एसपी ने प्रतिनियुक्त सभी पुलिस बल और अधिकारियों को हिदायत दी कि वे विसर्जन प्रक्रिया के समाप्त होने तक पूरी सतर्कता, मुस्तैदी और संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी पर तैनात रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि संपूर्ण विसर्जन प्रक्रिया को पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में पूरा कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


पटना पुलिस की आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से खास अपील

समारोह के दौरान शांति बनाए रखने के उद्देश्य से पटना पुलिस प्रशासन ने आम जनता और पूजा समितियों से विशेष सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि:

  • सभी श्रद्धालु और पूजा आयोजक प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का पूरी तरह से पालन करें।
  • प्रतिमा विसर्जन के लिए केवल निर्धारित और अनुमति प्राप्त रूट (मार्गों) का ही उपयोग करें।
  • विसर्जन के दौरान शांति, अनुशासन, धैर्य और आपसी सौहार्द बनाए रखकर पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।


अनिल की रिपोर्ट