Bihar News: रामनवमी पर मुजफ्फरपुर में हाई अलर्ट, ड्रोन, QRT और सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर

Bihar News:रामनवमी के जुलूसों को लेकर इस बार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।...

Muzaffarpur on high alert for Ram Navami
रामनवमी पर मुजफ्फरपुर में हाई अलर्ट- फोटो : reporter

Bihar News:रामनवमी  को लेकर मुजफ्फरपुर में सुरक्षा का ऐसा चकाचौंध बंदोबस्त किया गया है कि हर असामाजिक तत्व के लिए ये साफ संदेश है अब बचना मुश्किल है। जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है, और शहर को मानो एक सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने साफ लफ्जों में चेतावनी दी है कि पर्व के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर “कानून का शिकंजा” कसने में जरा भी देर नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सिर्फ सड़कों पर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी पुलिस की “खुफिया नजर” लगातार बनी हुई है। अफवाह फैलाने वाले भी अब रडार पर हैं।

रामनवमी के जुलूसों को लेकर इस बार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हर जुलूस के साथ दंडाधिकारी, पुलिस बल और अधिकारी तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी तरह की “गड़बड़ी” को मौके पर ही कंट्रोल किया जा सके।

शहर के अलग-अलग हिस्सों में बिहार पुलिस मुख्यालय से मिले अतिरिक्त बल को तैनात किया गया है। ड्रोन कैमरों के जरिए जुलूस की आसमान से निगरानी होगी, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

जुलूस से पहले सभी थानों द्वारा मॉक ड्रिल कर तैयारी का रिहर्सल किया जा चुका है। वहीं, शहर के तीन प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जहां से पूरे शहर की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया है, जिससे पहले ही “संदेश” दे दिया गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए QRT को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है, जो चंद मिनटों में मौके पर पहुंचकर हालात संभाल लेगी।

मूर्ति विसर्जन के दौरान किसी भी हादसे से बचाव के लिए SDRF की टीम भी तैनात रहेगी। खास बात ये है कि घाटों पर विसर्जन के लिए नाव के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

SSP ने खास तौर पर चेतावनी दी है कि अगर कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कुल मिलाकर, इस बार रामनवमी पर मुजफ्फरपुर में सुरक्षा का फुलप्रूफ प्लान तैयार है जहां हर गली, हर चौराहा और अब हर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी पुलिस की नजर में है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा