Bihar News : मुजफ्फरपुर में पोल्ट्री फार्म की आड़ में चल रही नकली शराब फैक्ट्री का पुलिस ने किया भंडाफोड़, नेपाली कारोबारी समेत दो को किया गिरफ्तार

Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक बार फिर शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पोल्ट्री फार्म के आर में चल रहे नकली शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है

Bihar News : मुजफ्फरपुर में पोल्ट्री फार्म की आड़ में चल रही
नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कथैया थाना क्षेत्र में चल रहे एक बड़े अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है, जहां पोल्ट्री फार्म की आड़ में बड़े पैमाने पर नकली शराब बनाने की फैक्ट्री चलाई जा रही थी। इस छापेमारी में पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में स्प्रिट, खाली बोतलें, नामी शराब कंपनियों के रैपर, ढक्कन और पैकिंग मशीन बरामद की है। पुलिस ने पोल्ट्री फार्म को सील करते हुए नेपाल के एक बड़े कारोबारी सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पोल्ट्री फार्म की आड़ में चल रहा था रैकेट

एसडीपीओ वेस्ट वन सुचित्रा कुमारी को लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी कि कथैया थाना क्षेत्र के सिरशिया गांव का निवासी रौशन सिंह, नेपाल के एक शराब तस्कर के साथ मिलकर अपने पोल्ट्री फार्म में नकली शराब बनाने का अवैध धंधा कर रहा है। यहाँ विभिन्न नामी ब्रांडों की हूबहू नकली शराब तैयार की जाती थी और फिर उसे बाजार में खपाया जाता था। सूचना की कड़ियों को जोड़ते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में कथैया थाना पुलिस ने दल-बल के साथ रौशन सिंह के पोल्ट्री फार्म पर अचानक धावा बोल दिया।

नेपाली नागरिक समेत दो तस्कर दबोचे गए

पुलिस की इस त्वरित छापेमारी से मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटना स्थल से दो मुख्य शराब कारोबारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल के मोरांग जिला (रंगेली) निवासी दिनेश कुमार और मुजफ्फरपुर के कथैया निवासी टुनटुन कुमार के रूप में हुई है। ये दोनों मुख्य आरोपी रौशन सिंह के साथ मिलकर इस पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहे थे और शराब तैयार कर उसकी सप्लाई चेन संभाल रहे थे।

7000 खाली बोतलें और पैकिंग मशीन जब्त

मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान मौके से करीब 7000 खाली बोतलें, विभिन्न ब्रांडेड कंपनियों के फर्जी रैपर और ढक्कन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 30 लीटर कच्चा स्प्रिट, भारी मात्रा में बोतलों में पैक की जा चुकी नकली शराब और बोतलों को सील करने वाली आधुनिक पैकिंग मशीन को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध धंधे के केंद्र बने पोल्ट्री फार्म को पूरी तरह सील कर दिया है।

अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

इस कामयाबी के बाद पुलिस अब इस गिरोह के पूरे बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालने में जुट गई है। चूंकि इसमें नेपाल का कनेक्शन सामने आया है, इसलिए पुलिस इसे एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के रूप में देख रही है। गिरफ्तार दिनेश और टुनटुन से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस धंधे में और कौन-कौन से सफेदपोश या स्थानीय तस्कर शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि मुख्य सरगना रौशन सिंह सहित अन्य फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

मणिभूषण की रिपोर्ट