Bihar News : मुजफ्फरपुर में शराब पकड़ने गई उत्पाद विभाग की टीम को ग्रामीणों ने बनाया बंधक, मौके पर पहुंची पुलिस ने कराया मुक्त

Bihar News : मुजफ्फरपुर में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला बोलते हुए उन्हें बंधक बना लिया......पढ़िए आगे

Bihar News : मुजफ्फरपुर में शराब पकड़ने गई उत्पाद विभाग की टी
उत्पाद विभाग की टीम पर हमला - फोटो : MANIBHUSHAN

Muzaffarpur : बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने जुटी उत्पाद विभाग की टीम को मुजफ्फरपुर जिले में ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करने पहुंची टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला बोलते हुए उन्हें बंधक बना लिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद टीम को सुरक्षित बाहर निकाला।

गुप्त सूचना पर हुई थी छापेमारी

यह पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मझौलिया गांव का है। उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि गांव में अवैध शराब का निर्माण या बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की विशेष टीम ने मझौलिया गांव में दबिश दी। छापेमारी के दौरान स्थानीय लोग और धंधेबाज आक्रोशित हो गए। उन्होंने टीम का घेराव करते हुए अधिकारियों और कर्मियों को एक जगह बंधक बना लिया।

सकरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया मुक्त

घटना से गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा। मामले की सूचना तुरंत सकरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सकरा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ बिना देर किए मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर और स्थिति पर काबू पाते हुए उत्पाद विभाग की टीम को बंधक से मुक्त कराया।

प्राथमिकी दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

घटना के बाद उत्पाद विभाग के अधिकारियों द्वारा सकरा थाने में लिखित आवेदन सौंपा गया है। सकरा थाना प्रभारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अधिकारियों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा रही है। पुलिस टीम पर हमला करने, सरकारी काम में बाधा डालने और बंधक बनाने वाले आरोपियों की पहचान की जा रही है, जिनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मणिभूषण की रिपोर्ट