Bihar News: प्यार, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, इनकार फिर दहेज की मांग, नवादा में नाबालिग से यौन शोषण आरोपी गिरफ्तार

Bihar News: बिहार के नवादा में नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और फिर शादी के लिए दहेज की मांग करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की माँ ने गंभीर आरोप लगाया है।

दुष्कर्म
दुष्कर्म का आरोपी धराया- फोटो : reporter

Bihar News:  बिहार के नवादा में शादी का झांसा देकर एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपित युवक को देर शाम गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई तब हुई जब आरोपित ने शादी से इनकार कर दिया और दहेज के रूप में पांच लाख रुपये की मांग की। गिरफ्तार आरोपित की पहचान नरहट थाना क्षेत्र के करमा गांव निवासी अजय राम के 23 वर्षीय बेटे प्रियेस रंजन उर्फ भोला के रूप में हुई है।

आरोपी को पुलिस ने दबोचा 

पुलिस ने उसे रजौली के अंधरबारी स्थित उसके मामा मधु राजवंशी के घर से पकड़ा। तकनीकी सर्विलांस और मानवीय साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने उसे दबोचा। इस मामले में पीड़िता की मां की शिकायत पर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। 2 अप्रैल को दर्ज महिला थाना कांड संख्या-15/2026 में लड़के के पिता और भाई को भी आरोपित बनाया गया है।

यौन शोषण का आरोप 

पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि आरोपित प्रियेस पिछले एक वर्ष से शादी का झांसा देकर उसकी बेटी का यौन शोषण कर रहा था। पीड़िता और आरोपित युवक दूर के रिश्तेदार बताए जाते हैं। आरोपित युवक का भाई लड़की के गांव में शादीशुदा था, जिसके कारण प्रियेस अक्सर वहां आता-जाता रहता था। इसी दौरान दोनों करीब आए। आरोप के अनुसार, प्रियेस अक्सर लड़की के घर आने लगा और उसे बाहर ले जाकर संबंध बनाने लगा। 28 फरवरी को दोनों को राजगीर के एक होटल से बाहर आते देखा गया, जिसके बाद उन्हें गांव लाया गया।

पांच लाख रुपए की मांग 

गांव में पंचायत बुलाई गई और दोनों की शादी तय की गई, लेकिन लड़के के परिवार ने कुछ समय मांगा। 1 अप्रैल को प्रियेस फिर लड़की के गांव आया और उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था। लड़की के परिजनों ने उन्हें रोक लिया और लड़के के पिता व भाई को बुलाया। वे लोग आए और प्रियेस को अपने साथ ले गए, साथ ही शादी के लिए पांच लाख रुपये दहेज की मांग की।

नवादा से अमन की रिपोर्ट