दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीओ ने शांतिपूर्ण माहौल में दशहरा मनाने और नियमों के पालन की अपील की
Nawada : दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व 2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नवादा सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर में सोमवार को अनुमंडल स्तरीय एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अमित अनुराग ने की। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र की विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, अश्लील गानों पर रोक
एसडीओ अमित अनुराग ने बैठक में स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सरकार और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सभी गाइडलाइन्स का कड़ाई से अनुपालन करना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान डीजे के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गाने नहीं बजाए जाएंगे। उन्होंने आयोजकों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
पंडालों में सीसीटीवी और अग्निशमन उपकरण अनिवार्य
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एसडीओ ने सभी पूजा पंडालों के प्रवेश और निकास द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे (CCTV) लगाना अनिवार्य कर दिया है। इसके साथ ही, किसी भी संभावित अग्निकांड से निपटने के लिए प्रत्येक पंडाल में अग्निशमन उपकरण रखने और बिजली के तारों को सुरक्षित तरीके से कवर करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए समितियों को पर्याप्त संख्या में आईडी कार्ड (ID Card) युक्त वॉलंटियर्स तैनात करने को कहा गया है।
विसर्जन और मूलभूत सुविधाओं पर निर्देश
बैठक में पूजा पंडालों के आसपास साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति और प्रतिमा विसर्जन के रूटों को लेकर भी चर्चा की गई। एसडीओ ने बताया कि पूजा पंडालों में लाउडस्पीकर के माध्यम से सार्वजनिक उद्घोषणा (Public Announcement System) की व्यवस्था होनी चाहिए।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और समिति प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में नवादा के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) हुलास कुमार समेत क्षेत्र के विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक कर्मी और विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष व सदस्य उपस्थित रहे। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट