आशा कार्यकर्ता करेंगे 9 जुलाई से हड़ताल, नवादा में 3000 कर्मी करेंगे प्रदर्शन

Bihar News: वेतन वृद्धि और सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिलने से नाराज आशा कार्यकताओं द्वारा 9 जुलाई से हड़ताल किया जाएगा. नवादा के सदर अस्पताल में बिहार राज्य आशा कार्यकर्ता संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। संघ की अध्यक्ष सावित्री देवी ने बताया कि पिछले आंदोलन के बाद सरकार ने वेतन वृद्धि और सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने का आश्वासन दिया था।
केंद्र और राज्य सरकार द्वारा वादे पूरे नहीं किए जाने के कारण आशा कार्यकर्ताओं ने 9 जुलाई से हड़ताल की घोषणा की है। जिले के लगभग 3000 आशा कार्यकर्ता इस हड़ताल में शामिल होंगे। कार्यकर्ताओं ने सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने की योजना बनाई है।
आशा कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा उन्हें कर्मचारी घोषित करना और 21,000 रुपये मानदेय देना शामिल है। साथ ही बकाया राशि का भुगतान भी मांगा गया है। रविवार को हुई बैठक में सभी प्रखंडों के कार्यकर्ताओं से संपर्क कर आंदोलन को व्यापक बनाने का निर्णय लिया गया।
आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि 9 जुलाई से वे पूरी तरह से काम बंद कर देंगे। इससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। कार्यकर्ता एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
अमन की रिपोर्ट