बिहार में PM मोदी पर अटैक की प्लानिंग, विदेशी कनेक्शन से जुड़ा मामला, खुफिया इनपुट पर हुई कार्रवाई

Bihar PM assassination conspiracy: बिहार में PM मोदी पर हमले की साजिश का पूरा प्लान जानकर आप चौंक जाएंगे

Buxer Plot to attack PM Modi in Bihar foreign link devices s
बिहार में PM मोदी पर अटैक की प्लानिंग- फोटो : social Media

Bihar PM assassination conspiracy:बिहार के बक्सर जिले से एक ऐसा सनसनीखेज़ मामला सामने आया है, जिसने महज़ सूबे ही नहीं बल्कि पूरे मुल्क की सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड में ला दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित जानलेवा हमले की साज़िश रचने के इल्जाम में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया है, जिनमें मुख्य आरोपी 22 वर्षीय अमन तिवारी शामिल है।

यह पूरा मामला डुमरांव अनुमंडल के सिमरी थाना इलाके से जुड़ा है, जहां पुलिस ने खुफिया इनपुट के आधार पर देर रात दबिश देकर आरोपी को दबोच लिया। इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में खौफ और सनसनी का माहौल है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के मुताबिक, मामला बेहद संगीन है और इसकी तह तक जाने के लिए हर एंगल से जांच की जा रही है।

तफ्तीश में जो खुलासे सामने आए हैं, वो और भी ज्यादा चौंकाने वाले हैं। बताया जा रहा है कि अमन तिवारी ने इस साज़िश को अंजाम देने के लिए अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA को एक प्रस्ताव भेजा था। उसने हमले के बदले मोटी रकम की डिमांड की और प्लान को अंजाम देने के लिए 22 दिन का वक्त भी मांगा। इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मच गई है।

पुलिस ने आरोपी के ठिकाने से लैपटॉप और कई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बरामद किए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है। इन डिवाइसेज़ में छुपे डिजिटल सुराग इस पूरे नेटवर्क की परतें खोल सकते हैं। शक यह भी जताया जा रहा है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह या विदेशी लिंक से जुड़ा हो सकता है।

अमन तिवारी का आपराधिक अतीत भी सामने आया है। साल 2022 में वह कोलकाता एयरपोर्ट को नुकसान पहुंचाने की साज़िश में पकड़ा गया था, लेकिन नाबालिग होने के चलते सख्त सज़ा से बच गया। अब एक बार फिर उसका नाम इतने बड़े षड्यंत्र में सामने आना कई सवाल खड़े कर रहा है।

फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां लगातार पूछताछ में जुटी हैं। यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि यह महज़ एक सिरफिरे दिमाग की करतूत है या फिर इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। आने वाले दिनों में इस केस से और बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।