Bihar Politics: हिसुआ की सियासत में परिवार युद्ध! देवरानी-जेठानी आमने-सामने, कांग्रेस में मचा घमासान
Bihar Politics: हिसुआ विधानसभा में सियासत पारिवारिक मोड़ ले चुकी है। कांग्रेस विधायक नीतू कुमारी के खिलाफ अब उनकी देवरानी और पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष आभा देवी भाजपा प्रत्याशी अनिल सिंह के समर्थन में उतर गई हैं। जानिए पूरी कहानी।
Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच नवादा जिले की हिसुआ सीट सबसे चर्चित बन गई है।यहां राजनीति अब सिर्फ़ दलों की नहीं, बल्कि परिवार के भीतर की जंग में बदल गई है। कांग्रेस विधायक नीतू कुमारी इस बार फिर पार्टी के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि उनकी अपनी देवरानी आभा देवी ने अब उनके खिलाफ़ मोर्चा खोल दिया है।
आभा देवी, जो पहले कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रह चुकी हैं,अब भाजपा प्रत्याशी अनिल सिंह के समर्थन में प्रचार कर रही हैं। उन्होंने शुक्रवार को भाजपा नेता से मुलाकात कर इस बात की पुष्टि भी की।
रिश्तों में पड़ी सियासी दरार
2020 के चुनाव में यही आभा देवी अपनी जेठानी नीतू कुमारी के लिए प्रचार करती दिखी थीं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में दोनों के बीच राजनीतिक मतभेद गहराते गए और अब यह मतभेद खुलकर विरोध में बदल चुके हैं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक विधायक बनने के बाद नीतू कुमारी और आभा देवी के बीच संगठनात्मक निर्णयों और स्थानीय स्तर पर प्रभाव को लेकर तनाव बढ़ता गया।
आदित्य सिंह की विरासत पर दावेदारी
दोनों ही नेता परिवार के मुखिया और पूर्व विधायक स्वर्गीय आदित्य सिंह की बहुएं हैं। आदित्य सिंह ने हिसुआ सीट से छह बार विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया था और आज भी इलाके में उनका राजनीतिक प्रभाव गहरा है। अब उनकी दोनों बहुएं उसी राजनीतिक विरासत की उत्तराधिकारी बनने की कोशिश में हैं, लेकिन इस बार एक कांग्रेस में, तो दूसरी भाजपा के समर्थन में।