Bihar Bus Accident:सरकारी बस ने मजदूर को कुचला, मौके पर मौत, लोगों ने सड़क किया जाम
Bihar Bus Accident: नवादा जिले में तेज रफ्तार सरकारी बस ने एक मजदूर की जान ले ली।...
Bihar Bus Accident: नवादा जिले में तेज रफ्तार सरकारी बस ने एक मजदूर की जान ले ली। हादसा इतना भीषण था कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
यह दर्दनाक हादसा मुफस्सिल थाना क्षेत्र में नहर के पास हुआ। मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के निवासी करीब 40 वर्षीय मुरारी पासवान के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का पेट पालने के लिए घर से करीब 105 किलोमीटर दूर नवादा में रहकर मजदूरी करते थे। मुरारी नहर के पास स्थित एक बोरा फैक्ट्री में निजी तौर पर काम करते थे।
फैक्ट्री जाते समय पीछे से सरकारी बस ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को मुरारी पासवान भदौखर से फैक्ट्री की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पटना की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार सरकारी बस ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुरारी सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद सरकारी बस वहां से आगे निकल गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सड़क पर युवक का शव देखकर स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। इसके बाद लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताना शुरू कर दिया।
105 किलोमीटर दूर रहकर परिवार के लिए करते थे मजदूरी
मुरारी पासवान अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को निभाने और बच्चों की परवरिश के लिए वह बेगूसराय स्थित अपने घर से दूर नवादा में मजदूरी कर रहे थे। उनकी कमाई से ही परिवार का भरण-पोषण होता था।मुरारी अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार के लिए रोजी-रोटी का इंतजाम करने निकले मुरारी को क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घर के इकलौते कमाऊ सदस्य के चले जाने से परिवार के सामने अब आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी
घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।इस संबंध में मुफस्सिल थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के आधार पर सरकारी बस के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। रोजी-रोटी की तलाश में घर से दूर रहकर मेहनत करने वाले एक मजदूर की मौत ने उसके परिवार को बेसहारा कर दिया है। वहीं, स्थानीय लोग हादसे के लिए जिम्मेदार बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्ट- अमन कुमार