नवादा में 20 सूत्री बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, प्रभारी मंत्री ने दिए पारदर्शी क्रियान्वयन के निर्देश

Bihar News : नवादा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक हर हाल में पहुंचना चाहिए...

नवादा में 20 सूत्री बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, प्रभा
नवादा प्रभारी मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने अधिकारियों को दिए निर्देश- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के डीआरडीए सभागार में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) की एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री सह लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने की। बैठक के दौरान जिले में चल रही विभिन्न लोक-कल्याणकारी और विकास योजनाओं की विभागवार गहन समीक्षा की गई, साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। 


पौधा भेंट कर हुआ स्वागत, कृषि विभाग ने रखी रिपोर्ट

बैठक की शुरुआत नवादा के जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश द्वारा प्रभारी मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन को एक पौधा भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट समिति के सामने प्रस्तुत की। कृषि विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जिले के किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा खाद और उर्वरकों की कालाबाजारी व अवैध भंडारण को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और अब तक विभिन्न ठिकानों पर 236 छापेमारियां की जा चुकी हैं।


सिंचाई और श्रमिक कल्याण योजनाओं पर हुई चर्चा

बैठक में श्रम विभाग ने श्रमिक कल्याण योजनाओं और दुर्घटना अनुदान योजना के तहत मजदूरों को दिए जा रहे लाभों व किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, लघु सिंचाई विभाग ने जिले में आहर-पईन की स्थिति तथा अन्य सिंचाई योजनाओं की प्रगति से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया। समीक्षा के दौरान वारिसलीगंज प्रखंड के कोचगांव में लंबे समय से चली आ रही जल निकासी (वाटर लॉगिंग) की समस्या पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई और अधिकारियों को इसका त्वरित समाधान निकालने को कहा गया।


जनप्रतिनिधियों ने उठाए जनहित के कई गंभीर मुद्दे

इस उच्चस्तरीय बैठक में उपस्थित विभिन्न क्षेत्रों के विधायकों, जिला परिषद अध्यक्षा तथा समिति के अन्य माननीय सदस्यों ने जिले की बुनियादी समस्याओं को मजबूती से उठाया। जनप्रतिनिधियों ने मुख्य रूप से कृषि, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, शिक्षा की गुणवत्ता, ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट और आधारभूत संरचना (सड़क व पुल-पुलिया) के निर्माण से जुड़े मुद्दों पर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया तथा आम जनता की सहूलियत के लिए सुझाव दिए।


प्रभारी मंत्री ने कहा- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

तमाम विभागों की समीक्षा और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को सुनने के बाद प्रभारी मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने अधिकारियों को कड़े लहजे में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि  सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक हर हाल में पहुंचना चाहिए। उन्होंने सभी सरकारी योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पूरी तरह पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आदेश दिया ताकि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न रहे।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट